मणिराम की छावनी में मेडिकल सुविधाओं से युक्त विशेष कक्ष में रखा गया
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास लगभग एक माह बाद बुधवार को लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल से इलाज कराकर वापस रामनगरी अयोध्या पहुंचे, वे एंबुलेंस से बुधवार शाम करीब पांच बजे अयोध्या पहुंचे। उन्हें मणिरामदास की छावनी में बनाए गए मेडिकल सुविधाओं से युक्त विशेष कक्ष में रखा गया है। जहां 24 घंटे चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी करेगी।
बताते चलें कि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर महंत नृत्यगोपाल दास कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोरोना से जंग जीतकर महाराज जी शीघ्र ही अयोध्या लौटे, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उन्हें फिर से मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां मुख्यमंत्री योगी ने भी पहुंचकर उनका हालचाल लिया था। इस बीच उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें बुधवार को एक बार फिर वापस अयोध्या लाया गया। वे शाम पांच बजे एंबुलेंस से अयोध्या पहुंचे। डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें मेडिकल सुविधाओं से युक्त विशेष कक्ष में शिफ्ट किया गया।
महंत के मणिरामदास की छावनी पहुंचते ही उनके दर्शन के लिए संतों-भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सर्वप्रथम उन्हें विराजमान भगवान के दर्शन व परिक्रमा कराई गई। इसके बाद संतों ने बारी-बारी से उनके दर्शन किए। संत आनंद शास्त्री, संत एमबीदास, संत पंजाबी बाबा सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने उनके के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुज कुमार झा व सीएमओ डॉ.घनश्याम सिंह भी मौजूद रहे। महंत नृत्य गोपाल दास के लिए विशेष कक्ष तैयार किया गया है। जिसमें सभी प्रकार की मेडिकल सुविधाएं हैं। साथ ही चिकित्सकों की टीम 24 घंटे उनकी निगरानी करेगी। इसके लिए तीन टीमें जिला चिकित्सालय की ओर से बनाई गईं हैं। टीम में एक चिकित्सक सहित दो स्टाफ सहित तीन सदस्य होंगे। इनकी सुबह, दोपहर व शाम 8-8 घंटे की ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही श्रीराम अस्पताल की टीम भी प्रतिदिन महाराज जी के स्वास्थ्य की जांच करेगी। स्वास्थ्य जांच की नियमित रिपोर्ट सीएमओ व जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने बताया कि दिल्ली से भी डॉक्टर बुलाए गए हैं।