ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने किया रामलला का दर्शन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

कहा- मन्दिर निर्माण शुरू, मशीने आती रहेंगी मन्दिर बनता रहेगा

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने सोमवार को 28 वर्ष बाद रामलला का दर्शन किए इस दौरान उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण कार्य से शुरू हो गया है और मशीनें आती रहेंगी मंदिर बनता रहेगा। रामलला के टेंट से बाहर निकलकर अस्थाई मंदिर में विराजमान होने के बाद पहली बार रामलला के दर्शन करने के बाद उन्होंने कहा कि आज बहुत ही पवित्र दिन है। जहां राम लला विराजमान है उनके दर्शन के लिए हम लोग आए हैं। बहुत ही अच्छे से दर्शन हुए और सभी लोगों से वार्तालाप हुई। 
इससे पूर्व ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत श्रीदास को रामजन्मभूमि परिसर ले जाने के लिए प्रोटोकाल स्वरुप विहिप के केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह पंकज एवं ट्रस्ट के सदस्य डा. अनिल मिश्र मणिराम छावनी पहुंचे थे। संगठन के इन दोनों अधिकारियों की अगुवाई में ट्रस्ट अध्यक्ष को रामजन्मभूमि के मुख्य द्वार से अंदर ले जाया गया। रामलला के नए भवन के बाहर महंत श्रीदास की अगवानी ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय एवं एसपी सुरक्षा टीएन त्रिपीठी के अलावा विहिप के एक अन्य केन्द्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने की। रामलला के दर्शन के बाद व्हील चेयर पर बैठाकर ट्रस्ट अध्यक्ष महंत श्रीदास को शेषावतार मंदिर तक ले जाकर समतलीकरण कार्य का दूर से अवलोकन कराया गया। कड़ी धूप में चल रहे निर्माण कार्य को देखकर महंत श्रीदास ने प्रसन्नता व्यक्त की और ट्रस्ट महासचिव श्रीराय के समक्ष अपनी जिज्ञासाओं को व्यक्त किया। इस दौरान श्रीराय ने 11 मई से शुरू हुए कार्य का ब्योरा उन्हें सुनाया।
करीब चालीस मिनट परिसर में व्यतीत कर महंत श्रीदास अपने सहयोगी साधुओं के साथ बाहर आए। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरु हो चुका है। शीघ्र ही भव्य एवं दिव्य मंदिर तैयार हो जाएगा। उन्होंने सभी रामभक्तों को धैर्य धारण करने की सलाह दी।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya