– मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस ने पीड़ित ट्रक चालक का मेडिकल परीक्षण कराया
अयोध्या। लखनऊ हाइवे पर कैंट थाना क्षेत्र में ओवरटेक के दौरान एक नीली बत्ती लगी एसयूवी में ट्रक से साइड लगने के कारण विवाद हो गया। एसयूवी सवार युवकों ने ट्रक चालक और खलासी की फ़िल्मी स्टाइल में पिटाई की। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने पीड़ित ट्रक चालक का मेडिकल परीक्षण कराया है और एक को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।
एक ट्रक चालक सुबह अपना वाहन लेकर अयोध्या की ओर आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक एसयूवी सवार लोगों ने ओवरटेक किया और ओवरटेक करने के दौरान एसयूवी में साइड लगने से उसमें खरोंच आ गई। इससे नाराज एसयूवी सवार युवकों ने मुमताजनगर क्षेत्र में ट्रक को रोकवा लिया और उसके चालक और खलासी को उतारकर पीटा। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की हिंदुस्तान पुष्टि नहीं करता।
पुलिस को दी गई शिकायत में ट्रक के चालक आकाश कुशवाहा पुत्र शिशुपाल सिंह निवासी ग्राम अगरपुर थाना मिरची,जिला एटा का कहना है कि वह अपने गांव के ही निवासी परिचालक शिवम पुत्र अनिल कुमार के साथ उत्तराखंड के रूदपुर से गाड़ी लेकर बस्ती जा रहा था। शनिवार की सुबह हाइवे पर कैंट थाना क्षेत्र में मुमताज नगर ओवर ब्रिज पर लखनऊ में पंजीकृत एक नीली बत्ती लगी एसयूवी के चालक ने ओवरटेक करने के लिये हार्न दिया तो उसने अपनी गाड़ी किनारे कर ली।
ओवरटेक करते समय ट्रक में दाहिने तथा एसयूवी में बायें खरोच लग गयी। इसी बात को ेलकर एसयूवी सवार तीन लोगों में उसको और परिचालक को गाली-गलौच करते हुए मारा-पीटा और फिर धमकी देते हुए चले गये। कैंट थाने के प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि शिकायत पर एसयूवी के मालिक प्रियांशु को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ मारपीट,गाली-गलौच और धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना कराई जा रही है।