-समाजसेवी संगठनों व पशु प्रेमियों ने बढ़चढकर असमय मृत हुई गायों के लिए आवाज उठाई
अयोध्या। कान्हा गौशाला में असमय गायों की हुई मृत्यु और नगर निगम अयोध्या प्रशासन की संवेदनहीनता को देखते हुए समाज के सभी वर्गों ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण तरीके से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। श्रद्धांजली सभा का आयोजन नगर निगम परिसर में शरद शुक्ला के नेतृत्व में किया हुआ। समाजसेवी संगठनों और पशु प्रेमियों ने बढ़चढकर असमय मृत हुई गायों के लिए आवाज उठाई।
ज्ञात हो कि एक प्रेस वार्ता में अयोध्या नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा गौशाला में असमय गायों की मृत्यु हो जाने, उनका इलाज समय पर न हो पाने और चारे में घोटाले को लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने जांच की मांग उठाई थी, इतना ही नहीं श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की बात कही थी।
बुधवार को सामाजिक संगठनों, पशु सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर नगर निगम परिसर में शांतिपूर्ण रूप से धरना प्रदर्शन कर नगर निगम के लापरवाह और जवाबदेह अधिकारियों कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग उठाई। शरद शुक्ला ने कहा कि कान्हा गौशाला से 3 महीने का सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर तत्काल जप्त कर कार्यवाही की जाए जिससे गायों की रक्षा हो सके। ऐसा न करने पर कान्हा गौशाला में जाकर वृहद स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
वहीं पशु प्रेमी प्रज्ञा गुप्ता ने कहा कि हम कई वर्षों से पशुओं के अधिकार के लिए कार्य कर रहे है। हमने कई बार नगर निगम, पशु चिकित्सा अधिकारी अयोध्या से, जिलाधिकारी से जन सूचना अधिकार 2005 व मुख्यमंत्री पोर्टल द्वारा शिकायत और मांग की गई लेकिन इन प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कोई भी जवाब या तो नहीं दिया जाता या फिर अधूरे दस्तावेजों के साथ विभागों को स्थानांतरण कर दिया जाता है।
समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रताप सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले पर सख्त कार्यवाही न की गई तो हम सभी साथी एक मंच पर आकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस अवसर पर अभिषेक त्रिपाठी, सात्विक रंजन पाण्डेय, शोभित शुक्ला, जयंत चंद्रा, दीपशिखा, दिव्यांश, रिशु, सरिता, हिमांशु त्रिपाठी, धनंजय पाण्डेय, आयुष्मान सिंह,संस्कार सिंह,यश सिंह,शिवेंद्र सिंह,शिवम् मिश्रा,अभय यादव,वैभव सिंह,दीपेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।