यातायात पुलिस में उप निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-देवरिया जिले के थे निवासी, अयोध्या रिजर्व पुलिस लाइन स्थित आवास में रह रहे थे

अयोध्या। जिले की यातायात पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर तैनात योगेंद्र प्रसाद (54) की सोमवार भोर मौत हो गई। वह मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी थे तथा यहां रिजर्व पुलिस लाइन स्थित आवास में रह रहे थे। जिला अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है तथा मामले की जानकारी परिवार को दी है।

बताया गया कि यातायात उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रसाद रविवार की रात अपने पुलिस लाइन स्थित आवास में सोए थे। सोमवार की भोर उनको सीने में दर्द तथा बेचैनी की शिकायत हुई तो साथ रहे उपनिरीक्षक रमेश सिंह ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। भोर में 5ः20 बजे जिला अस्पताल ले जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने हृदयाघात से मौत की आशंका जताई है।

उप निरीक्षक की मौत के बाद मामले की जानकारी अधिकारियों तथा देवरिया निवासी उनके परिवार को दी गई है। सूचना पर परिजन अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है एसपी यातायात अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

वर्ष 1986 में आरक्षी पद पर भर्ती व वर्तमान में उ0नि0 यातायात के पद पर अयोध्या में तैनात उ.नि. यातायात स्व. योगेन्द्र प्रसाद के दुःखद निधन पर पुलिस लाइन में पुलिस परिवार व वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा श्रद्धांजलि दी गयी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya