-दुकान के बदले दुकान, घर के बदले घर मांग रहे फोरलेन पीड़ित अयोध्या के व्यापारी
अयोध्या। सड़क चौड़ीकरण से व्यापारियों का दुकान, मकान ध्वस्तीकरण की जद में आने के बाद से ही अयोध्या धाम के व्यापारी दुकान के बदले दुकान और घर के बदले घर मांग को लेकर आंदोलित हैं। सोमवार से बाजार बंद आंदोलन शुरू हुआ। जिसके बाद अधिकारियों ने प्रशासन से वार्ता व मांगों पर विचार का आश्वासन देकर स्थगित करा दिया।
बाजार बंदी को देखते हुए रेजीडेंट मजिस्ट्रेट अयोध्या उद्योग व्यापार मंडल ट्रस्ट के पदाधिकारियों से इससे पहले श्रृंगारहॉट में वार्ता हुई। व्यापारियों की उक्त मांग के संदर्भ में डीएम, नगर आयुक्त और एडीएम प्रशासन के साथ व्यापारियों की खुली बैठक दो-तीन दिन में कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद अयोध्या उद्योग व्यापार मंडल ट्रस्ट ने अनिश्चितकालीन बंदी को स्थगित करने का निर्णय लिया। साथ में यह चेतावनी भी दी कि दो-तीन दिन में यदि प्रशासन व्यापारियों के साथ खुली बैठक नहीं करेगा तो आंदोलन को अनिश्चितकाल तक कर दिया जाएगा।
जिसके बाद व्यापारी नेताओं ने मांगों का ज्ञापन रेजिडेंट मजिस्ट्रेट को सौंपा। जिसमें कहा गया है कि टेढ़ी बाजार से नया घाट एवं हनुमानगढ़ी से जन्मभूमि तक हमारे प्रतिष्ठान हैं। पीढ़ियों से यहां के निवासी हैं। जो दर्शनार्थियों की जरूरी जरूरतों को पूर्ति कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। कुछ दिनों से शासन एवं प्रशासन हमारे प्रतिष्ठान सुंदरीकरण व सड़क चौड़ीकरण के नाम पर उजाड़ने पर आमादा है। जिससे 2500 से ज्यादा व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। क्योंकि पर्यटकों, दर्शनार्थियों की आवश्यकताओं से जुड़ी सामग्री बेंचते है जो मुख्य व्यवसाय है। निवेदन है कि विस्थापित हो रहे व्यापारियों को दुकान के बदले दुकान या दुकान के पीछे दुकान देकर स्थापित किया जाए उसके बाद ही उसके विस्थापन की कार्य योजना को आगे बढ़ाया जाए। यदि हम व्यापारियों की जायज मांगों को प्रशासन पूरा नहीं करता है तो बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
इस आंदोलन व वार्ता में व्यापारी नेता नंद कुमार गुप्ता, शक्ति जायसवाल, ब्रजकिशोर पांडे, विजय यादव, रामनाथ गुप्त, रामनरेश, अरविंद तिवारी, मंगल गुप्ता, जगरनाथ यादव, अवधेश मोदनवाल, शुभम गुप्ता, श्रीचंद मद्धेशिया, शशांक मोदनवाल, अजय कुमार गुप्ता, राम जी श्रीवास्तव, सुरेश चंद गुप्ता, भारत कसौधन समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।