भव्य राम मंदिर शिखर पर आज पीएम मोदी फहरायेंगे भगवा धर्म ध्वज

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनेगी अयोध्या, संघ प्रमुख मोहन भागवत व सीएम योगी भी रहेंगे मौजूद

अयोध्या। मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की नगरी अयोध्या मंगलवार को एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनेगी। 22 जनवरी, वर्ष 2024 को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के एक साल 10 महीने बाद 25 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्रीराम जन्मभूमि के मुख्य शिखर पर भगवा धर्म ध्वज फहरायेंगे। इसके साथ ही राममंदिर की पूर्णता का संदेश भी अयोध्या से पूरे देश को जाएगा। विवाहपंचमी पर होने वाले इस विशाल भव्य आयोजन की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अयोध्या ध्वजारोहण के लिए सजधज कर तैयार है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोमवार को एक-एक तैयारियों को खुद देखा और आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए।मंदिर में ध्वजारोहण के इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए अयोध्यावासी भी बहुत उत्साहित हैं। यहां के साधु संत इसे केवल धार्मिक दृष्टि से ही बहुत महत्वपूर्ण नहीं मान रहे हैं बल्कि इसे अयोध्यावासियों के लिए गौरवभरा पल भी बता रहे हैं। श्रीरामजन्म भूमि मंदिर के भव्य निर्माण की पूर्णता की औपचारिक घोषणा भी 25 नवम्बर को धर्म ध्वज फहराने के साथ ही होगी। प्रधानमंत्री मुख्य शिखर समेत सात मंदिरों के शिखरों पर धर्म ध्वज फहरायेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत हजारों गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के रहने तक आम श्रद्धालुओं को दर्शन करने की अनुमति नहीं रहेगी।

विवाह पंचमी की राम बारात भी हो जाएगी ऐतिहासिक

25 नवम्बर को ही विवाह पंचमी भी है। इस दिन राम बारात निकलती है जिसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। यही वजह है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री के धर्म ध्वज कार्यक्रम को लेकर प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती है। हालांकि राम बारात का समय प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद रख दिया गया है इससे पुलिस प्रशासन को राहत मिली है। इसमें शामिल होने के लिए मठों, होटलों और धर्मशालाओं में सैकड़ों लोग ठहरे हैं। इन्हें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद ही निकलने की इजाजत होगी।

इसे भी पढ़े  आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर संत समाज में आक्रोश

500 कुंतल फूलों से रोड-चौराहे सजाए गए

रामनगरी अयोध्या दुल्हन सरीखी दिख रही है। सड़कें और चौराहे सज गए हैं। अयोध्या के प्रमुख मार्ग फूलों के गुलदस्ता बन गए हैं। खूबसूरत गुलों से पूरी रामनगरी गुलजार है। सड़कों पर पेड़ और पौधे इस तरह से सजा दिए गए हैं, जैसे राम राज्य की स्थापना का उत्सव मनाया जा रहा हो।
अयोध्या की सड़क और चौराहे रामधुन में मगन है। देश और दुनिया में करोड़ों रामभक्त मंगलवार की उस ऐतिहासिक घड़ी का इंतजार कर रहे हैं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री राम जन्मभूमि पर बनकर तैयार भव्य, दिव्य और आकर्षक राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराएंगे। रामनगरी को सजाने के लिए नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के निर्देशन और महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी के नेतृत्व में पूरी रामनगरी गुलजार हो गई है।

नगर निगम द्वारा 500 क्विंटल से अधिक फूलों से रामपथ सजा दिया गया है। साकेत महाविद्यालय से लेकर लता चौक तक के डिवाइडर पर फूल मालाओं से सजाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत और राममंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजारोहण कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने और विश्व पटल पर अयोध्या की गरिमा की अमिट छाप छोड़ती सजावट की गई है। इसके अलावा मार्गों पर 3000 से अधिक फूलों के गमले रखे गए हैं।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya