– सम्पूर्ण समाधान दिवस में अवैध कब्जे व भूमि विवाद के मामलों की बाढ़
अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील में आयोजित जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतों/समस्याएं भूमि विवाद की आईं। डीएम अनुज कुमार झा ने अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा व डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार ने जनपदस्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को सुनकर सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को समस्त फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान प्रेम नारायण मिश्रा निवासी ग्राम आदिल पुर विकासखंड हैरिंग्टनगंज ने ग्राम पंचायत आदिल पुर स्थित तालाब पर विपक्षियों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई। जिलाधिकारी ने तहसीलदार मिल्कीपुर को स्वयं प्रकरण की जांच कर अवैध कब्जा नियमानुसार हटवा कर आख्या देने के निर्देश दिए। अलगू राम निवासी ग्राम पंचायत- अहरन सुवंश, विकासखंड- हरिंग्टनगंज, थाना- इनायतनगर के शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी ने उनके पट्टे की भूमि गाटा पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाए जाने के लिए तहसील मिल्कीपुर व थानाध्यक्ष इनायतनगर को संयुक्त टीम से पट्टे की भूमि का पैमाइश कराकर कब्जा दिलवाकर आख्या देने के निर्देश दिए।इसी तरह जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने एक-एक करके फरियादियों की समस्याओं/शिकायतों को सुनकर उसका निस्तारण मौके पर उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों से किये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में आने वाली जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के साथ समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ घनश्याम सिंह, उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर दिग्विजय सिंह, पीडी डीआरडीए आरपी सिंह, क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर , जिला विकास अधिकारी हवलदार सिंह, डीसी मनरेगा, तहसीलदार मिल्कीपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, तहसील अन्तर्गत सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण एवं फरियादी उपस्थित रहे।