यश पेपर मिल के पास देर रात हुआ हादसा
अयोध्या। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के दर्शन नगर स्थित यश पेपर मिल के पास हुए एक हादसे में कैटरिंग का काम करने वाले तीन कर्मियों की मौत हो गई। जबकि एक कर्मी घायल हो गया। घायल कर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
बताया गया कि सोमवार की शाम महाराजगंज थाना क्षेत्र के सरायराशी गांव में एक तिलकोत्सव का आयोजन था। इस
तिलकोत्सव के लिए रामू कैटरर्स को हायर किया गया था। रामू ने काम के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से मजदूरों को बुलाया था। काम संपन्न होने के बाद सोमवार की देर रात मजदूर अलग-अलग साधनों से वापस लौट रहे थे। कुछ मजदूर मोटरसाइकिल से फैजाबाद शहर की ओर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि मध्य रात्रि के बाद लगभग 2:00 बजे फैजाबाद अंबेडकर नगर मार्ग पर अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के दर्शन नगर स्थित यश पेपर मिल के पास पारा खान गांव इलाके में बाइक सवार मजदूरों की किसी वाहन से टक्कर हो गई। मामले की खबर पर पहुंची एंबुलेंस में चार घायलों को रात लगभग 2.30 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। जिसमें से जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने 23 वर्षीय अजय कुमार निषाद पुत्र चंद्रभान निषाद निवासी अमारी पोस्ट रउआ लोहनपुर थाना महाराजगंज और 25 वर्षीय रूपल मौर्य पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश मोर्य निवासी बैसिंहपुर थाना पुराकलंदर को मृत घोषित कर दिया। जबकि 12 वर्षीय निर्मल पुत्र विमल निवासी बाराबंकी और 23 वर्षीय एक अन्य अज्ञात को उपचार के लिए भर्ती कर लिया। भर्ती कराए गए अज्ञात की भोर 6:30 बजे उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि 12 वर्षीय निर्मल को सर्जिकल वार्ड के वार्ड नंबर 29 पर भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी अयोध्या राजेश राय ने बताया कि मामले की जानकारी पर एंबुलेंस मंगवा पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में तीन कैटरिंग कर्मियों की मौत हुई है जबकि एक किशोर का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। अयोध्या कोतवाली पुलिस को विधिक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।