अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने चोरी की भैंस के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और भैंस को ले जाने के लिए लाइ गई पिकप को बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।
सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र से किसी ने 11 जनवरी की भोर पठान टोलिया अमानीगंज निवासी अरविन्द यादव की एक लाख रूपये कीमत की मुर्रा भैंस चोरी कर ली थी। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में स्कूटी और पल्सर बाइक सवार चार-पांच नकाबपोश युवक दिखे थे। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तहकीकात में जुटी नगर कोतवाली पुलिस ने जीआईसी ओवरब्रिज के नीचे से मुन्ना चौहान (19 वर्ष) निवासी दालमंडी फतेहगंज व लोकेन्द्र सिंह (19 वर्ष) निवासी लालबाग कुम्हारन टोला तथा अयोध्या कोतवाली के हैबतपुर निवासी मासूम उर्फ राजा (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से चुराई गई एक लाख कीमत की भैंस,घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक तथा भैंस को ले जाने के लिए मंगाई गई पिकप बरामद हुई है। यह लोग भैंस को पशु बाजार में बेंचने की योजना बनाये थे और तब तक इसको छिपाने के लिए अन्यत्र ले जाने के लिए पिकप मंगाई थी। पिकप पर लादकर ले जाने वाले थे, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। मुन्ना के खिलाफ मारपीट,चोरी आदि के आठ और मासूम के खिलाफ महारजगंज में लूट का एक मामला दर्ज मिला है।