सोहावल। रौनाही थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी सत्ती चौरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत महोली में निमंत्रण नहीं खाने को लेकर उठे विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्जकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोप है कि बीते 25 नवंबर को ग्राम महोली निवासी वीरेंद्र सिंह के लड़के सूरज सिंह की तिलक थी। उसी दिन अश्वनी कुमार दूबे के घर के सामने रहने वाले ननकू राम यादव के यहां प्रीतभोज का भी कार्यक्रम था। दोनों परिवार के लोगों ने अश्वनी दूबे के परिवार को निमंत्रण दिया था। दूबे परिवार वीरेंद्र सिंह के यहां निमंत्रण खाने चला गया।
इसके बाद भोजन करके रात लगभग 11 बजे दूबे परिवार जब अपने दरवाजे पर आया।उसी समय ननकू राम यादव, शिव प्रसाद यादव पुत्रगण आज्ञा राम व मुलायम यादव, नीलेश यादव, सुरेश यादव रमेश यादव पुत्रगण ननकू राम यादव यह कहते हुए कि दरवाजे के सामने निमंत्रण छोड़कर वीरेंद्र सिंह के यहां भोजन करने क्यों चले गए।
ये कहते हुए एकराय होकर लाठी डंडे लोहे की राड व ईंट गुम्मे से ब्राह्मण परिवार पर प्राण घातक हमला कर दिया गया। हमले में अनुराग दूबे पुत्र श्रीकांत दूबे, अश्वनी कुमार दूबे पुत्र प्रिय दत्त दूबे के सिर में गंभीर चोट आई। आरोपियों पर जानलेवा हमला करके मरणासन्न कर देने का आरोप भी लगाया गया था। घटना को लेकर ब्राह्मण परिवार आहत है। वहीं घायल अनुराग दुबे की हालत गंभीर है। जिनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित अनूप कुमार का कहना है कि मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल नहीं भेज रही है। जिसके चलते आरोपी जानमाल की धमकी दे रहे।
रौनाही थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।