– गौ रक्षा समिति के आग्रह पर महापौर व नगर आयुक्त ने निरीक्षण के बाद लिया फैसला
अयोध्या। नगर निगम की बैसिंगपुर में संचालित कान्हा गौशाला में एक पशु चिकित्सक की तैनाती की जाएगी। गोवंशों की संख्या को देखते हुए देखरेख करने वाले कर्मचारियों की तादाद में भी इजाफा किया जाएगा। यह निर्णय महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने गौशाला का निरीक्षण करने के बाद लिया है।
गत दिवस गोरक्षा समिति ने शरद शुक्ल की अगुवाई में ज्ञापन देकर गौशाला में कतिपय खामियां बताई थी। इस पर पारदर्शिता के मध्य नजर समिति के सदस्यों के साथ महापौर ने निरीक्षण का फैसला किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के अलावा गौ रक्षा समिति के पदाधिकारी, अपर नगर आयुक्त भारत कुमार भी थे।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था और चारे का प्रबंध ठीक मिला, लेकिन गोवंशों की संख्या को देखते हुए कर्मचारियों की कमी सामने आई। इसके बाद यहां नियमित पशु चिकित्सा की व्यवस्था करने का निर्णय लिया अभी तक संबद्धता के आधार पर गोवंश का इलाज किया जा रहा था। यहां एक और सुपरवाइजर की कमी महसूस की गई।
इसके अलावा देखभाल करने वाले कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया। गौशाला में एक ट्रैक्टर-ट्राली, जेसीबी तथा छोटे ठेलों की संख्या बढ़ाने तथा मुख्य द्वार पर कैमरा लगाने का भी निर्देश महापौर ने अपर नगर आयुक्त को दिया।