रंगभरी होली में नहीं हुआ हुड़दंग

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

शांन्तिपूर्ण माहौल में खेली गयी होली

अयोध्या। रंगभरी होली सौहार्दपूर्ण माहौल में खेली गयी। होली पर्व पर कोरोना वायरस का खौफ गली मोहल्लों में दिखाई पड़ा जहां इसबार हुड़दंगी नुक्कड चौराहों पर नहीं दिखाई दिये। रिकाबगंज हनुमानगढ़ी, रिकाबगंज चौराहा, चौक सर्राफा बाजार सहित कुछ ही स्थानों पर होली का उत्साह दिखाई पड़ा। ज्यादातर मोहल्लों में छोटे-छोटे बच्चे होली खेलते दिखाई पड़े। पुलिस की चौकस व्यवस्था के कारण इसबार डीजे भी तेज आवाज में नहीं बजा। प्रशासन ने स्थान-स्थान पर पहुंचकर डीजे की धुन पर नियंत्रण कराया। मध्यान्ह 1 बजे पुलिस ने लाउडस्पीकरों का बजाना ही बंद नहीं कराया बल्कि होली खेल रहे लोगों को भी अपने-अपने घर जाने का निर्देश दिया। एक दिन पूर्व होलिका दहन भी शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया। केन्द्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति साकेत के संस्थापक स्व0 श्रीभगवान जायसवाल द्वारा प्रारम्भ की गयी परम्परा का निर्वहन करते हुये गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी चौक घण्टाघर पर परम्परागत रूप से केन्द्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति साकेत द्वारा होली मिलन कैम्प लगाकर होली का त्योहार बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। कैम्प का शुभारम्भ केन्द्रीय समिति के जोनल प्रमुख अशोक कनक द्वारा माँ दुर्गा एवं श्रीराम दरबार पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कैम्प में केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, सह संयोजक गगन जायसवाल, पुलिस प्रभारी जे0एन0 चतुर्वेदी, प्रवक्ता डॉ0 शैलेन्द्र विक्रम सिंह, केशव बिगुलर, बजरंगी साहू, रोहिताश्व चन्द्र राजू, अजय विश्वकर्मा, राजू जायसवाल, राजेश श्रीवास्तव, गुड्डू सिंह एवं पुजारी चंचल दास आदि समस्त पदाधिकारी उपस्थित थे।

सामाजिक समरसता का संदेश दे गयी होली

रुदौली। रंगों का पर्व होली सामाजिक समरसता के रूप में मनाई गई। दो दिन हर कोई उल्लास, उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।होली के पर्व पर आपस मे प्रेम व भाईचारा का ऐसा रंग चढ़ा कि जाति-धर्म की बेड़ियां ध्वस्त हो गई। अबीर गुलाल की छटा ऐसी बिखरी की तन से तन व मन से मन मिले। रंगों के पर्व पर उमंग ऐसा दिखाई दिया कि गली-चौराहे भी छोटे पड़ गए। नर-नारी, बच्चों सभी फाल्गुनी मस्ती में मदमस्त नजर आए। युवाओं की टोली फिल्मी गानों पर खूब थिरकी। शाम को एक-दूसरे के घर जाकर मस्तिक पर अबीर रूपी टीका लगाकर गले लगकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी। दूसरे जाति-धर्म के लोग होली की बधाई देने अपने हिन्दू मित्रों के घर पहुंचे। अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलकर गुझिया खाकर रिश्तों में मिठास घोली। बताते चले कि वैसे तो होली की तैयारियां वसंत पंचमी से ही शुरू हो जाती है लेकिन सोमवार को सूर्यास्त के बाद होलिका दहन की तैयारी आरंभ हो गयी।होलिका दहन के लिए गांव में लकड़ी आदि इकठ्ठा किया जाने लगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लोगों ने होलिका का पूजन कर भक्त प्रह्लाद का जयकारा लगाते हुए उसका दहन किया। मंगलवार की सुबह लोगों ने होलिका तापकर उसमें कंडा, बौर लगी आम की पत्ती, नया अन्न, फूल, अबीर व पकवान अर्पित कर पूजन कर सात फेरे लगाए। इसके बाद रंग खेलने का सिलसिला शुरू हुआ।नगर के नया गंज, नरियापार,नवाब बाजार कटरा आदि मोहल्लो के अलावा भेलसर,शुजागंज, मवई पटरंगा,नेवरा,रानी मऊ ,बाबा बाजार,उमा पुर ,सैदपुर के अगल बगल गांवो में जमकर अबीर गुलाल बरसा। ’रंग बरसे भीगे चुनर वाली, खइके पान बनारस वाला’ जैसे गीतों पर खूब डांस के अलावा गांव में ढोल मंजीरा के साथ फगुवा गीत गाने वालो की टोली भी भारतीय संस्कृति को याद दिला रही थी। महिला, पुरुष, बच्चे और वृद्ध सबके ऊपर फाल्गुनी रंग का खूब असर दिखा। कहीं हुड़दंग व कपड़ाफाड़ होली खेली गई तो कहीं फूलो की भी होली खेली गई। लोगों पर प्रेम का ऐसा रंग चढ़ा कि जाति-धर्म व वैमनस्यता की सारी दीवारें अपने आप ही ढह गई। होली पर हिन्दू मुस्लिम, ने एक साथ रंग खेलकर एक-दूसरे को बधाई दी। बनगांवा गांव के निवासी मो सुफियान हिन्दू भाइयो के साथ साथ नजर आए और जमकर होली मनाई।इसके अलावा पुराय गांव के इंजी सरफराज घर घर जाकर लोगो को होली पर्व की बधाई दी और होली पर्व का सबसे लजीज पकवान गुझिया का भी स्वाद चखा।

इसे भी पढ़े  किसानों की फसलों को कीट-पतंगों से बचाएंगी ड्रोन दीदी

हर्षोल्लास के साथ मनाया होली का पर्व

गोसाईगंज। प्रेम व भाईचारे का प्रतीक होली का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। होली के उमंग में हर किसी ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगा कर गुजिया खिलाई। होली की उमंग में भीटी तिराहे पर डीजे पर युवा थिरके और नृत्य कर होली खेली। युवाओं की टोलियां सारा दिन एक-दूसरे पर रंग गुलाल लगाने के लिए इधर-उधर घूमते रहे। युवाओं की टोलियां दोपहर करीब दो बजे तक होली खेलते रहे। वहीं समाजसेवी हनुमान सोनी ने खुशबूदार इत्र लगाकर होली खेली एवं पर्यावरण सुरक्षा का लोगों में संदेश दिया। सत्संग घाट शिव मंदिर वा कटरा हनुमानगढ़ी मंदिर में शिव भक्तों ने फूलों की होली खेली और भगवान शिव एवं हनुमान जी के चरणों पर माथा टेका। शिव भक्तों ने सबकी खुशहाली के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की। इस मौके पर अपर जिला अधिकारी संतोष सिंह व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने समाजसेवी हनुमान सोनी व भाजपा नेता प्रदीप जायसवाल के निवास पर हनुमान सोनी, प्रदीप जायसवाल, संजय पराग, दिनेश जायसवाल नगर पंचायत सभासद प्रशांत गुप्ता, सुदीप मोदनवाल, कल्लू कुरेशी, ध्रुव भोजवाल, सर्वेश कुमार मोनू, अशोक चौरसिया, मुन्ना बर्मा आदि के साथ एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगा कर सभी को रंगो के त्यौहार होली पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। वही गोसाईगंज कोतवाल आशुतोष मिश्र पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक व अपर जिलाधिकारी को अबीर गुलाल लगाया और जमकर होली खेली। वही महिलाओ ने भी घर-घर जाकर होली खेली और एक दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी मनाई।
युवाओं में रग लगाने का अधिक उत्साह रहा एवं नगर में कहीं से भी कोई अप्रिय घटना सुनने को नहीं मिली क्योंकि पुलिस प्रशासन हर गली चौराहे पर पूरी तरीके से मुस्तैद रहा।

इसे भी पढ़े  पॉलिटेक्निक की 177 छात्राओं को वितरित किया गया टेबलेट

विधि विधान से सिन्धी महिलाओं की होलिका की पूजा

अयोध्या। होलिका दहन के बाद दूसरे दिन होली पर सिन्धी समाज की महिलाओं ने होलिका माता का विधि-विधान व पुरानी सिन्धी परम्परा के साथ पूजन किया। होलिका पर गुलाल, रेवड़ी व आटे की मोटी व मीठी रोटी (रोट) चढ़ाकर परिवार व समाज में सुख-शान्ति व अमन चैन बना रहे की अरदास की व होलिका की राख माथे पर लगाकर होलिका माता का आशीर्वाद लिया। उ0प्र0 सिन्धी युवा समाज के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश ओमी ने बताया कि होलिका उत्सव व होली के दिन सिन्धी समाज के लोगों में अपनी पुरानी परम्पराओं को कायम रखते हुए उत्सव व उमंग के साथ पर्व मनाया। रामनगर कालोनी के आठ स्थानों पर होलिका दहन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में पुरूष, महिलायें व बच्चे शामिल होकर सात फेरे लगाकर अरदास की व प्रसाद ग्रहण किया। कालोनी के संत सतराम दास दरबार, संत नवलराम दरबार, प्रेम प्रकाश आश्रम, सांई मंछाराम दरबार में समाज के लोग एकत्रित होकर होली मनाई व एक दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलकर बधाई दी व तरह-तरह के बने सिन्धी व्यंजनों जिसमें प्रमुख रूप से सिन्धी पकौड़ी, खीचा, पापड़, कचरी, घीहर व आटे की मीठी रोटी (रोट) आदि प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। इस मौके पर सांई नितिन राम ने कहा कि होली रंगों व प्यार मोहब्बत का पर्व है। पूरा देश सभी पुरानी व बीती बातों को भूलाकर एक दूसरे से गले लगकर पर्व मना रहा है। रंगों का पवित्र पर्व होली यही संदेश देती है कि आपसी भाईचारा व अमन-चैन कायम रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya