-जमथरा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
अयोध्या। जनपद कलेक्ट्रेट में तैनात महिला लिपिक के शव का दो डाक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच शुक्रवार दूसरी पहर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में उसकी हृदयाघात के चलते मौत की बात सामने आई है। परिवार ने जमथरा घाट पर मृतका का अंतिम संस्कार किया है।
जिलाधिकारी कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात महिला गीता (52) पत्नी प्रमोद कुमार का सड़ा गला शव गुरुवार रात उसके नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सुरसरि कॉलोनी के सरकारी आवास में मिला था।
वह मूल रूप से अंबेडकर नगर जनपद के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित घुरऊपुर निवासी थी। वह सोमवार के बाद से अपनी ड्यूटी पर नहीं गई थी। मामले की जानकारी महिला लिपिक के पुत्री प्रियांशी के सीतापुर से वापस घर लौटने पर हुआ था। दरअसल हुआ यह था कि कलेक्ट्रेट में लिपिक के पद पर तैनात महिला गीता ने प्रमोद कुमार से प्रेम विवाह किया था,लेकिन कुछ वर्षों से यहां अकेले अपनी पुत्री के साथ रहती थी। गर्मी की छुट्टी होने के कारण बेटी प्रियांशी (13) अपनी मुंहबोली मौसी और यहीं जिले में लेखपाल के पद पर तैनात अपनी मुंह बोली मौसी के घर गई थी।
गुरुवार को घर लौटी बेटी ने दरवाजा बाहर से बंद होने और अंदर से दुर्गंध आने तथा काफी आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर मामले की जानकारी पड़ोसियों और पुलिस को दी। मौके पर एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी,सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह,नगर कोतवाल अश्वनी पांडेय आदि ने पहुंच वीडियो ग्राफी के बीच दरवाजा तोडवाया था जाँच-पड़ताल के साथ एफएसएल की टीम से साक्ष्य संकलन कराया था। यहां आए मृतका के भाई ने पोस्टमार्टम के बाद शव का जमथरा घाट पर अंतिम संस्कार किया है।
नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि मामला महिला कर्मी से जुड़ा होने के कारण वीडियोग्राफी के बीच दो डाक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की बात सामने आई है। शव को उसके भाई मोनू के हवाले किया गया है।
वहीं जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर के वरिष्ठ सहायक श्रीमती गीता देवी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुये कलेक्ट्रेट सभागार में दो मिनट की मौन सभा की गयी। उन्होंने कहा कि भगवान उनके परिवार को ऐसे दुःख की घड़ी में हिम्मत दें तथा उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें।