-बच्चों की शिक्षा का लिया जिम्मा, पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता
मिल्कीपुर। मिल्कीपुर ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत मसेढ़ा गांव में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित युवक के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जैसे ही इस दुखद घटना की जानकारी समाजसेवी एवं क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्ति अमरनाथ तिवारी उर्फ मानस तिवारी को हुई, वे तत्काल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मसेढ़ा गांव निवासी 38 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह लंबे समय से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे थे। बीते 31 दिसंबर की देर शाम इलाज के दौरान उनका निधन हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दिवंगत अपने पीछे पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके भविष्य को लेकर परिवार बेहद चिंतित है। रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे समाजसेवी अमरनाथ तिवारी मानस ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने न केवल दिवंगत की पत्नी को आर्थिक सहायता प्रदान की, बल्कि मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अनाथ हुए बच्चों की शिक्षा-दीक्षा की पूरी जिम्मेदारी उठाने की घोषणा भी की।
अमरनाथ तिवारी मानस ने कहा कि “समाज का दायित्व है कि ऐसे समय में पीड़ित परिवार का सहारा बने। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।” उनके इस सराहनीय कदम की गांव और क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है। इस मौके पर गांव के गणमान्य लोग एवं क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रमुख रूप से राजेश सिंह, लवलेश पांडे उर्फ कट्टू पांडे, ओम प्रकाश सिंह पिंटू, पवन कुमार अग्रहरि दल बहादुर सिंह प्रदीप कुमार सिंह, संजीव सिंह, सुरेश सिंह एडवोकेट, जितेंद्र सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे, जिन्होंने समाजसेवी के इस कार्य की सराहना की और पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। समाजसेवी अमरनाथ तिवारी मानस द्वारा किया गया यह कार्य न केवल मानवता की मिसाल है, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता को भी मजबूत करता है।