समय से होगी पूजा स्थलों के मार्गों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था व सफाई

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-महापौर ने की केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के पदाधिकारियों संग बैठक

अयोध्या। आगामी 27 अगस्त से प्रारंभ होने वाले श्रीगणेश पूजा, दुर्गा पूजा एवं रामलीला से पहले प्रस्तावित 101 स्थलों की सफाई एवं आवश्यकतानुसार मार्गों एवं नालियों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके साथ ही मार्ग प्रकाश व्यवस्था का भी प्रबंध होगा। यह निर्देश महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने तिलक हाल में आयोजित केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समितियों के पदाधिकारियों संग बैठक में दिए। इस मौके पर नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने समय से मांगों को पूरा करने का वादा किया। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त पंडाल बनाने का आह्वान किया।

केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल के संयोजन में आयोजित बैठक में महापौर ने कहा कि नगर निगम में स्थापित कंट्रोल रूम गणेश उत्सव, दुर्गा पूजा एवं रामलीला जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के मद्देनजर सूचनाओं का संकलन करेगा और समय से उसका निदान कराएगा। उन्होंने समितियों के सुझाव पर पूजा स्थलों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत, सफाई, नालियों पर पटिया रखवाने, प्रकाश व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति के विशेष इंतजाम कराने का भरोसा दिया।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि जमुनिया बाग एवं विसर्जन स्थल पर टेंट लगवाने, पूजा स्थलों पर चूने का छिड़काव, फागिंग तथा एंटी लार्वा का छिड़काव नियमित कराने तथा डस्टबिन रखवाने का निर्देश महापौर ने दिया। पदाधिकारियों ने एक-एक कर अपने सुझाव दिए। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने पिछली वर्ष की बेहतरीन व्यवस्था के लिए नगर निगम का आभार जताया। उन्होंने हिदायत दी कि पूजा पंडाल एवं शोभा यात्रा में शराब पीकर कोई भी प्रवेश नहीं करेगा।

इसे भी पढ़े  दीपोत्सव पर रामनगरी पधारने वालों का स्वागत करेगा भव्य धनुष

इस मौके पर महापौर के आह्वान पर डेंगू के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प जताया गया। संचालन महामंत्री गगन जायसवाल ने किया। इस मौके पर उपसभापति राजेश गोंड, अपर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं सुमित कुमार, समिति की ओर से जेएन चतुर्वेदी, अतुल सिंह, जनार्दन पांडेय, रंजीत शर्मा, सुप्रीत कपूर, पवन निषाद, चंदन गुप्त, बजरंगी साहू, संजय श्रीवास्तव, विशाल गुप्त आदि मौजूद थे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya