रामनवमी पर पूरे दिन खुला रहेगा राम मंदिर

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-राम जन्मोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी

अयोध्या। रामनवमी के पावन अवसर पर इस वर्ष श्री राम जन्मभूमि मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। राम जन्मोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सहजता से दर्शन कर सकें। इस दिन राम मंदिर पूरे दिन खुला रहेगा। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि रामनवमी के दिन प्रातः 6.30 बजे से अनुष्ठान शुरू होकर सुबह 11.00 बजे तक चलेंगे।

इस विशेष दिन मंदिर के कपाट पूरे दिन खुले रहेंगे और उन्हें बंद नहीं किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकें। आवश्यकता पड़ने पर दर्शन की अवधि को और बढ़ाया भी जा सकता है। दोपहर ठीक 12ण्00 बजे भगवान रामलला का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान सूर्य की किरणें भगवान के मस्तक पर पड़कर दिव्य “सूर्य तिलक” का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेंगी। पूरे आयोजन का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी किया जाएगा, ताकि देश दुनिया के श्रद्धालु भी इस अलौकिक क्षण के साक्षी बन सकें। रामलला को इस अवसर पर करीब छह क्विंटल पंजीरी का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा।

साथ ही मंदिर परिसर में इन दिनों “बधाई गान” का आयोजन लगातार चल रहा है, जिससे भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। जन्मोत्सव के दिन राम परिवार के दरबार में भी बधाई गान होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन पथ पर मैट बिछाए जाएंगे और जहां कैनोपी नहीं है, वहां छाया की विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा रामलला की आकर्षक फूल बंगला झांकी भी सजाई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

इसे भी पढ़े  रामकथा महोत्सव में भरत के त्याग व प्रेम की कथा सुन भावुक हुए श्रद्धालु

शाम होते ही मंदिर का शिखर भव्य फसाड लाइटिंग से जगमगा उठेगा, जिससे पूरा परिसर दिव्य और आलौकिक आभा से भर जाएगा। रामनवमी के इस भव्य आयोजन को लेकर अयोध्या नगरी में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिल रहा है। हनुमान जयंती पर होगा हनुमान मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण – राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि रामनवमी तक सूर्य, गणेश, शिव और दुर्गा मंदिर पर के शिखर पर ध्वजारोहण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यह सारे आयोजन सीमित स्तर पर होंगे। दो अप्रैल को हनुमान जयंती के दिन हनुमान मंदिर और शेषावतार मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इस आयोजन में 50 से अधिक मेहमानों का आमंत्रित किया जा रहा है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya