-अपर नगर आयुक्त एवं फाउंडेशन के सीईओ ने किया समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
अयोध्या। अयोध्याधाम में रामपथ स्थित बृहस्पति कुंड का रखरखाव अब आंध्र प्रदेश से जुड़ी संस्था जीएमआर वारालक्ष्मी फाउंडेशन संभालेगी। इस संबंध में नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं फाउंडेशन की ओर से सीईओ अश्वनी सक्सेना ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
नगर निगम अयोध्या के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि निषादराज चौराहे के निकट रामपथ पर पांच करोड़ पांच लाख रुपये की लागत से बृहस्पति कुंड को को पर्यटन विभाग ने सजाया संवारा है। यहां दक्षिण भारत से जुड़े तीन प्रतिष्ठित संतों की मूर्तियां भी लगाई गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथजी की मौजूदगी में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पति कुंड का उद्घाटन 08 अक्टूबर 2025 को किया था। पर्यटन विभाग ने बृहस्पति कुंड को बीते 11 नवंबर 2025 को नगर निगम को हस्तगत करा दिया है।
राममंदिर के सन्निसंकट स्थित कुंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए नगर निगम ने इसके रखरखाव का जिम्मा वारालक्ष्मी फाउंडेशन जीएमआर नगर राजाम श्रीकाकुलम आंध्र प्रदेश को सौंपा है। फाउंडेशन की न्यू उड्डयन भवन टर्मिनल-3 इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नई दिल्ली स्थित शाखा अगले पांच वर्ष तक के लिए रखरखाव करेगी।