पूर्ण पारदर्शिता से जनकल्याणकारी योजनाओं का किया जाए क्रियान्वयन : अवधेश प्रसाद

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की हुई समीक्षा


अयोध्या। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में सांसद के साथ-साथ अम्बेडकरनगर लोकसभा सांसद लालजी वर्मा, विधान परिषद सदस्य राज्य स्तर से नामित एमएलसी बलराम यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, विधायक रुदौली रामचन्द्र यादव, विधायक मिल्कीपुर चन्द्रभान पासवान, विधायक बीकापुर अमित सिंह चौहान, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। सांसद ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सर्वप्रथम वहां उपस्थित सभी अधिकारियों का परिचय लिया गया तत्पश्चात पूर्व बैठक के कार्यवृत्त अनुपालनीय बिंदुओं पर समीक्षा की गयी।

उन्होंने कहा कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक विकास की दृष्टि से एक बहुत ही महत्वपूर्ण बैठक होती है, जिसमें जिला प्रशासन व जन-प्रतिनिधिगणों द्वारा किये जा रहे विकास पर समीक्षा करते हुये समस्याओं को दूर किया जाता है और जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर चर्चा की गयी। सांसद ने कहा कि बैठक में जो भी अधिकारी अनुपस्थित है उनकी अगली बैठक में उपस्थित सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निजी लघु सिंचाई की समीक्षा करते हुये कहा कि बोरिंग की सूची विकास खण्डवार जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाए। इसके साथ-साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इस संबंध में आयोजित बैठक व कैम्प में क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। इसके साथ साथ राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन-जिन ग्रामों में योजना पूर्ण है उनका सत्यापन कराया जाए। सांसद ने विभिन्न क्षेत्रों में खराब सड़कों की जानकारी दी गई जिसपर जिलाधिकारी ने कहा सभी जन-प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची उपलब्ध करा दे, उनको संबंधित विभाग से सही कराया जाएगा।

इसे भी पढ़े  रामनगरी का 'नक्षत्र' चमका, भारत देखेगा हुनर

सांसद ने कहा कि जनपद में जो भी जनकल्याणकारी योजनाओं सम्बंधी कैम्प, शिविर व कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है उसमें उस क्षेत्र से सम्बंधित जनप्रतिनिधियों को अवश्य आमंत्रित किया जाय। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन करते हुए सभी पात्र व्यक्तियों को योजना से लाभान्वित किया जाय। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बैठक को सम्बोधित करते हुये वहां उपस्थित सांसद के साथ-साथ अन्य जनप्रतिनिधियों का बैठक में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी सुझाव व शिकायतें बतायी गयी है उस पर सभी सम्बंधित विभागीय अधिकारी त्वरित कार्यवाही करते हुये समस्याओं का निस्तारण कराये तथा सुझावों का अनुपालन किया जाय।

मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह द्वारा बिन्दुवार विवरण प्रस्तुत किया गया। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी व ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण व शहरी, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, सर्वशिक्षा अभियान, बाल एवं पुष्टाहार विभाग, मध्यान्ह भोजन योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम आदि का बिन्दुवार समीक्षा की गयी। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील कुमार, परियोजना निदेशक गिरीश पाठक, उपनिदेशक कृषि, उपनिदेशक पर्यटन, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीसी एनआरएलएम आदि मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya