-अग्नि प्रज्वलन के साथ आचार्यों ने विधि-विधान से कराया पूजन-अर्चन

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित प्रतिष्ठा द्वादशी (पाटोत्सव) के अंतर्गत यज्ञशाला अनुष्ठानों का शुभारंभ शुक्रवार को प्रातः विधिवत रूप से हुआ। रामनगरी अयोध्या आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति के वातावरण में सराबोर दिखाई दी।

प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वास्तु पूजा के पश्चात गणहोम, तत्त्वकलश स्थापना, तत्त्वहोम, सुदर्शन होम सहित अन्य महत्वपूर्ण अनुष्ठान संपन्न कराए गए। यज्ञशाला में अग्नि प्रज्वलन के साथ आचार्यों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। सायंकाल देवदर्शन के लिए मन्दिर परिसर में उत्सव विग्रह की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई।
पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ प्रभु श्रीराम के दर्शन किए। दीपों और पुष्पवर्षा से वातावरण भक्तिमय हो गया। पांच दिनों तक चलने वाला यह पावन अनुष्ठान विद्वान वैदिक आचार्यों द्वारा संपन्न कराया जा रहा है। संपूर्ण आयोजन का मार्गदर्शन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी जगद्गुरु मध्वाचार्य जी द्वारा किया जा रहा है।

प्रतिष्ठा द्वादशी पाटोत्सव के अवसर पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखी जा रही है। प्रशासन एवं मन्दिर ट्रस्ट द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।