मां कामाख्या धाम महोत्सव का हुआ भव्य आगाज

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने किया उद्घाटन


अयोध्या। गुरूवार को मां कामाख्या धाम महोत्सव का आगाज हो गया । राम मंदिर से करीब 70 किलोमीटर दूर रूदौली विधानसभा क्षेत्र के घने जंगलों में स्थित मां कामाख्या धाम परिसर में पहले दिन विशाल दुरदुरिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने शिरकत की। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह भी मौजूद रहीं। दोनों ने महिलाओं के साथ भारी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने औसना माई की पूजा-अर्चना की।

इसके बाद सात दिवसीय कामाख्या धाम महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। अर्पणा यादव ने कार्यक्रम में कहा कि सनातन धर्म की छोटी-छोटी पूजा पद्धतियां हमारी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि वे उत्तर प्रदेश सरकार से कामाख्या धाम के सुंदरीकरण के लिए धनराशि आवंटित करने का अनुरोध करेंगी। ताकि कामाख्या धाम और भव्य बन सके। उन्होंने कहा कि इस स्थान का दुर्गा सप्तशती के प्रथम अध्याय में भी जिक्र है। यहां अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। माता रानी सबको खुशियां प्रदान करें। यही हमारी कामना है।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से भव्य राम मंदिर बन गया है, उसी तरीके से माता रानी का स्थान भी बने। ताकि लोग प्रभु श्री राम का दर्शन करने के बाद सीधे माता रानी का दर्शन भी करने आसानी से आ सके। पर्यटन विभाग के मंत्री और मुख्यमंत्री से मैं स्वयं मिलकर ज्यादा से ज्यादा बजट यहां दिलाने का प्रस्ताव भी रखूगी।

इसे भी पढ़े  हनुमान गढी से साधु संतों ने निकाली निशान यात्रा, शुरू हुई अवध की होली

रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि हम सबके लिए आज का दिन बहुत ही सौभाग्यशाली दिन है।आज मां कामाख्या धाम के महोत्सव का पहला दिन है, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देना चाहता हूं कि मां कामाख्या नगर पंचायत को करोड़ों करोड़ रूपये की सौगात देकर अयोध्या में एक स्थान एक मुकाम बनाने का हमें अवसर दिया है। महोत्सव 12 तारीख़ तक चलेगा जिसमें पहलवानों का दंगल, भोजपुरी कलाकारों एवं कवियों का संगम होगा तथा समाज के सभी वर्गों का यहां पर सम्मान करेंगे।

भाजपा विधायक रामचंद्र यादव और मां कामाख्या धाम न्यास के अध्यक्ष रविकांत तिवारी ने सभी मेहमानों का आभार जताया। महोत्सव के पहले दिन की शाम में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की प्रस्तुति होगी। मां कामाख्या नगर अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी मशहूर गायक विवेक पांडेय ने बताया कि 12 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन देश के प्रतिष्ठित कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

कार्यक्रम का सचालन वरिष्ठ भाजपा नेता राधेश्याम त्यागी ने किया। इस मौके पर मां कामाख्या नगर पंचायत अध्यक्ष व न्यास के संयोजक शीतला प्रसाद शुक्ला भाजपा, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडे खुन्नू ,जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित,ब्लॉक प्रमुख कमलेश यादव ,तेज तिवारी ,पूर्व ब्लाक प्रमुख राम प्रताप यादव ,सामाजिक कार्यकर्ता आलोक यादव, भवानीफेर मिश्रा, बब्बन शुक्ला, कप्तान गिरी,राजेश वर्मा,कृष्ण सागर पाल,सचिन कसौधन, पंकज यादव,राजू शर्मा सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya