-महोत्सव सामाजिक व आध्यात्मिक क्षेत्र में जन जागरण का बनेगा एक सशक्त माध्यम : वासुदेव मौर्य
सोहावल। मां ज्वाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित मां ज्वाला महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं लखीमपुर खीरी जनपद के भारतीय जनता पार्टी प्रभारी वासुदेव मौर्य, भाजपा अयोध्या के जिला महामंत्री राधे श्याम त्यागी, भाजपा अवध क्षेत्र के विदेश संपर्क विभाग के क्षेत्रीय संयोजक इंजीनियर रवि तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सक डा. रामजी वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि वासुदेव मौर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि मां ज्वाला महोत्सव सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में जन जागरण का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या की गरिमा और धार्मिक परंपरा के अनुरूप यह आयोजन ऐतिहासिक स्वरूप ग्रहण कर रहा है। श्री मौर्य ने मां ज्वाला फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए बधाई दी।
बीकापुर विधायक डा. अमित सिंह चौहान ने कहा कि मां ज्वाला महोत्सव का स्वरूप वर्ष-दर-वर्ष और अधिक भव्यता प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान सिंह जी ने कहा कि इस आयोजन की जिम्मेदारी केवल मां ज्वाला फाउंडेशन के सदस्यों की ही नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्रवासियों की भी है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को सशक्त बनाते हुए प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाएगा। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य विश्वेश नाथ मिश्र ‘सुड्डू’ ने कहा कि मां ज्वाला धाम अत्यंत पवित्र एवं प्रसिद्ध स्थान है। मां ज्वाला जी सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
उन्होंने फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि मां की कृपा से यह आयोजन निरंतर दिव्य एवं भावपूर्ण होता रहे। मां ज्वाला फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि यह महोत्सव समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और सेवा की भावना को सशक्त करेगा। जन मानस को एकता और आस्था के सूत्र में बांधेगा। फाउंडेशन के सचिव संतोष गुप्ता ने बताया कि सत्यम तिवारी, चंद्रशेखर तिवारी, विवेक पांडेय एवं ओम प्रकाश निराला सहित अन्य कलाकारों द्वारा भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनसे उपस्थित जनसमूह भाव विभोर हो उठा।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष पंकज मिश्रा, कार्यक्रम प्रभारी पंकज पांडेय, विकास रावत सहित फाउंडेशन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रथम दिवस में सुजीत सिंह, महोत्सव के संरक्षक सत्यनाम सिंह, सहकारी समिति खिरौनी के अध्यक्ष राहुल सिंह, लाल बहादुर सिंह, चंद्र प्रकाश पांडेय, मण्डल अध्यक्ष अजय सिंह माला, अरुण तिवारी, सूर्य प्रसाद श्रीवास्तव, अखिलेश मिश्रा, कपिल देव तिवारी, राजा सिंह, राम सुफल (कार्तिकेय आश्रम), अभिषेक शुक्ल, हिमांशु सूर्यकांत त्रिपाठी, पूर्व प्रधान मीना सिंह व सुमन सिंह आदि उपस्थित रहे।