-पुलिस ने गायब राजकुमार प्रकरण का किया खुलासा, प्रेमिका और नए प्रेमी ने राज कुमार की हत्या करने का जुर्म कबूला
गोसाईगंज। जनपद के गोसाईंगंज कस्बे से एक युवक घर से मौसेरे भाई की बाइक लेकर फरवरी 24 को फैज़ाबाद जाने के लिए निकला जिसके बाद आज तक पता नहीं चला था। गुरुवार को इस मामले में नौ महीने बाद कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने एक महिला के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गायब युवक की पत्नी ने गोसाईगंज पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर फरवरी 24 में ही दी थी।
चेकिंग में कागजात नहीं दिखा सका ऐप से पुलिस ने लगाया मालिक का पता
गोसाईगंज एसएचओ परशुराम ओझा के मुताबिक गुरुवार की सुबह पुलिस टीम गद्दौपुर बाईपास के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। उसी समय अकबरपुर की तरफ से एक बाइक आयी जिसे पुलिस ने रोका। बाइक पर एक महिला और एक युवक थे। जिनकी पहचान अजय प्रजापति पुत्र रामकेवल निवासी भिऊरा व रूपम पुत्री आशाराम निवासी दरवन डुहिया थाना अहिरौली अम्बेडकरनगर के रूप में हुई।बाइक की कागजात के बारे में जब पुलिस ने पूंछा तो युवक ने अपनी बताई परन्तु कोई कागजात नही पेश कर सका।
पुलिस ने जब चालान एप से जानकारी जुटाई तो बाइक के कागजात मनोज के नाम से दिखा। जामा तलाशी में युवक के पास से एक घड़ी, एक अंगूठी व एक पर्स मिला जिसमें एक पुराना आधार कार्ड राजकुमार निषाद के नाम से मिला। बताते चले कि बीते 20 फरवरी को गोसाईंगंज कस्बे के संतोषी माता की गली से राजकुमार निषाद (40) पुत्र बंशीलाल फैजाबाद जाने की बाद कहकर एक बाइक से निकला था परन्तु वापस नही लौटा ।मामले में राजकुमार की पत्नी दीपाली ने गोसाईंगंज कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी।
बाइक के मालिक का पता चलते ही जुड़ने लगी गुमशुदगी की कड़ियां
पुलिस खुलासे के मुताबिक गुरुवार को पकड़ी गई बाइक जांच पड़ताल के दौरान वही निकली जिसे राजकुमार लेकर निकला था। पुलिस ने राजकुमार की पत्नी दीपाली को सूचित किया। सूचना पर पहुंची दीपाली ने बरामद बाइक को पहचान लिया और बताया कि बाइक उसके पति के मौसी के लड़के मनोज की है और उसी बाइक से उसका पति फैजाबाद जाने की बात कहकर निकला था।
बरामद घड़ी, अंगूठी, पर्स व आधारकार्ड भी उसके पति राजकुमार की निकली। पुलिस ने जब कड़ियों को जोड़ना शुरू किया तो मामला आशनाई का निकला।एसएचओ ने बताया कि दोनों ने राजकुमार की हत्या की बात कबूल की है।
प्रेमिका रूपम से शादी भी कर चुका था मृतक राजकुमार
पुलिस खुलासे के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि राजकुमार व रूपम का अफेयर चल रहा था। राजकुमार ने उसके साथ शादी भी कर लिया था। जिसके बाद उसे लखनऊ में रखा था और उसका सारा खर्चा उठाता था। कुछ माह बाद वह उसे लेकर फैजाबाद आया और देवकाली में एक कमरा लेकर उसे वहां रख दिया। दोनों का तकरीबन एक साल तक अफेयर चला।
देवकाली में रहते हुए रूपम की मुलाकात अजय से हुई और दोनों की नजदीकियां बढ़ती गयी। दोनों के बीच प्रेम प्रपंच शुरू हो जाने की बात जब राजकुमार को पता चली तो उसने नाराजगी जाहिर किया।जिसके बाद राजकुमार को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने योजना बनाई। योजनानुसार 20फरवरी को रूपम ने राजकुमार को देवकाली बुलाया और दोनो मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को पूराकलंदर के पास शारदा सहायक नहर में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में शव मिलने की जानकारी लेने में जुटी हुई है।