8
-राहत शिविरों की व्यवस्था, खाद्य सामग्री वितरण, पेयजल आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा तथा साफ-सफाई व्यवस्था का लिया जायज़ा
अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा0 गौरव ग्रोवर के साथ मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र माझा मूड़ाडीहा (राजा दशरथ समाधि स्थल) का स्थलीय निरीक्षण किया तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर राम प्रसाद त्रिपाठी सहित तहसीलदार, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित गांवों में अस्थायी राहत शिविरों की व्यवस्था, खाद्य सामग्री वितरण, पेयजल आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा तथा साफ-सफाई व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत सामग्री की आपूर्ति में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए।
उन्होंने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के प्रधानों से संवाद स्थापित कर बाढ़ क्षेत्र, फसलों आदि बिन्दुओं पर जानकारी की गयी और कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समुचित तैयारियाँ कर ली गई हैं। इसी के साथ साथ जिलाधिकारी ने मड़ना मांझा में स्थापित बाढ़ राहत शिविर केन्द्र का निरीक्षण करते हुये सम्बंधित को आवश्यक निर्देश दिये।