-घाटों पर चेंजिंग रूम, शौचालय व अस्थाई आवासों के निर्माण का दिया निर्देश

अयोध्या। मकर संक्रांति मेला 2026 व बसंत पंचमी मेला 2026 के दृष्टिगत मंगलवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर ने मेला क्षेत्र यथा- राम की पैड़ी व सरयू घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडे, उप जिलाधिकारी सदर, रेजीडेंट मजिस्ट्रेट सहित कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम, शौचालय और अस्थाई आवासों का निर्माण कराया जाए। इसके अतिरिक्त नियमित साफ-सफाई, प्रकाश और पेय जल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। आई०जी० ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और मेले से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्थाओं को निर्देशित किया कि प्रगतिशील निर्माण कार्यों को मेले से पूर्व पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए और मेला समाप्ति होने तक कोई नया निर्माण कार्य प्रारंभ न कराया जाए। इसके साथ ही घाटों पर जो भी निर्माण सामग्री पाई गई है उसको तत्काल हटाना सुनिश्चित किया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं और मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा को लेकर हुई बैठक

अयोध्या। अटल आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026 हेतु प्रस्तावित प्रवेश परीक्षा के दृष्टिगत मंडलायुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रवेश परीक्षा की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं समन्वय से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि प्रवेश परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने, परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी समस्त जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में प्रवेश परीक्षा से संबंधित आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, पर्यवेक्षण व्यवस्था, प्रश्न पत्रों की गोपनीयता संबंधी आवश्यक सावधानियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मंडलायुक्त ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन के निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही निर्देश दिया कि प्रत्येक जनपद से कम से कम 500 आवेदन प्राप्त किया जाए।
बैठक में उप श्रम आयुक्त अयोध्या क्षेत्र अमित मिश्रा, सहायक श्रम आयुक्त अयोध्या एन के चौधरी, संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या क्षेत्र, जिला विद्यालय निरीक्षक अयोध्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अटल आवासीय विद्यालय अयोध्या, प्रधानाचार्य अयोध्या, सहायक श्रम आयुक्त बाराबंकी, सुल्तानपुर और अमेठी आदि उपस्थित रहे।