वैक्स म्यूजियम का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने निर्माणाधीन वैक्स म्यूजियम का निरीक्षण कर वहां प्रगति पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन रामायण वैक्स प्रतिमाओं का अवलोकन किया तथा उनकी गुणवत्ता एवं प्रस्तुतीकरण की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि वैक्स म्यूजियम जनपद की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जिससे पर्यटकों एवं आमजन को भारतीय सांस्कृतिक धरोहरों के बारे में जानकारी प्राप्त होगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण एवं साज-सज्जा संबंधी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा म्यूजियम को आकर्षक एवं जनोपयोगी स्वरूप प्रदान करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिला अधिकारी नगर योगानंद पांडे,सीओ आशुतोष त्रिपाठी,उपजिलाधिकारी अरविंद व संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नवीन पर्यटन आवास गृह का डीएम ने किया निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के दिए निर्देश


अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने रामकथा पार्क स्थित निर्माणाधीन नवीन पर्यटन आवास गृह का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आवास गृह में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, आंतरिक साज-सज्जा, विद्युत, जलापूर्ति एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि शेष सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि अयोध्या में बढ़ते पर्यटन की दृष्टि से गुणवत्तापूर्ण पर्यटन अवसंरचना का विकास अत्यंत महत्वपूर्ण है। नवीन पर्यटन आवास गृह के पूर्ण होने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पाण्डेय, उप निदेशक पर्यटन बृजपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े  रामनगरी में सफल पारी के बाद नई जिम्मेदारी संभालेंगी ऋतु सिंह

बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, तटबंध एवं बाढ़ शरणालय स्थल का किया निरीक्षण

अयोध्या। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बाढ़ तटबंध एवं बाढ़ शरणालय स्थल, मड़ना उपरहार का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध की स्थिति, उसकी मजबूती एवं मरम्मत कार्यों का अवलोकन किया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि तटबंधों पर चल रहे सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बाढ़ शरणालय स्थल का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, पेयजल, विद्युत, शौचालय, साफ-सफाई एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अमित कुमार भट्ट, उप जिलाधिकारी अरविंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दशरथ पथ व महाराजा दशरथ समाधि स्थल के निर्माण कार्यों की डीएम ने ली जानकारी


अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने निर्माणाधीन दशरथ पथ तथा महाराजा दशरथ समाधि स्थल, बिल्वरीघाट का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। दशरथ पथ के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण की गुणवत्ता, सड़क की संरचना एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया।

इसे भी पढ़े  हाथों में झाड़ू लिए स्वच्छता का संकल्प. अयोध्या में चला महा स्वच्छता अभियान

उन्होंने कहा कि अयोध्या की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए सभी विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन सर्वाेच्च मानकों के अनुरूप किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने महाराजा दशरथ समाधि स्थल, बिल्वरीघाट का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थल की ऐतिहासिक एवं धार्मिक गरिमा के अनुरूप सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाए। साथ ही आगंतुकों की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya