-अन्तर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान व तुलसी स्मारक भवन का लिया जायजा
अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मंगलवार को नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार के साथ निर्माणाधीन सुनील्स रामायण वैक्स म्यूज़ियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, म्यूज़ियम के प्रबंध निदेशक सुनील कंदल्लूर ने बताया कि आगामी अक्टूबर के पहले सप्ताह में कार्य पूरा कर भव्य उद्घाटन करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त ने म्यूज़ियम परिसर एवं भवन के डिज़ाइन व आंतरिक सज्जा की सराहना की।
जिलाधिकारी ने सुनील्स रामायण वैक्स म्यूज़ियम के निरीक्षण के बाद अन्तर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, तुलसी स्मारक भवन के कार्यालय एवं परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संस्थान द्वारा संचालित पुस्तकालय के निरीक्षण में संचालन, रखरखाव, प्रकाशन, शोध आदि के विषय में जानकारी प्राप्त की गयी साथ ही निर्देश दिये कि संस्थान के पुस्तकालय में रखे गये पुस्तकों की सूची वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाये, जिससे शोधकर्ताओं को पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों के विषय में जानकारी प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान अन्तर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के निदेशक श्री जयेंद्र कुमार द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष संस्थान के विस्तृत परिसर के लिए भूमि आवंटन सम्बन्धित प्रकरण पर चर्चा किया गया जिस पर जिलाधिकारी ने बाईपास पर स्थित नवीन बस अड्डे के पीछे स्थित संस्कृति विभाग की शेष भूमि के आकलन के साथ अन्य उपयुक्त भूमि की चिन्हित कर अग्रिम कार्यवाही के लिए कहा गया। जिलाधिकारी ने संस्थान के प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया गया तथा नित्य रामलीला के विषय में जानकारी प्राप्त की गई तथा दर्शकों की संख्या पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और भी प्रचारित प्रसारित करने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी द्वारा संस्थान के कार्यालय, डॉरमेट्री, आर्ट गैलरी व गुमनामी बाबा से सम्बन्धित सामग्री वाले हॉल का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा संस्थान के संग्रहालय में प्रदर्शन किये जाने वाले विभिन्न सामग्रियों का अवलोकन किया गया। उन्होंने सामग्री प्रदर्शित न किये जाने का कारण पूछा जिस पर उन्हें जानकारी दी गयी कि संग्रहालय हॉल और आर्ट गैलरी का कार्य निर्माण एजेन्सी द्वारा पूर्ण नहीं कराया गया है। उन्होंने शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर प्रदर्शित करने की प्रक्रिया प्रारम्भ करने के निर्देश दिये गये।