-मौके पर भर्ती मरीजों से वार्ता करते हुए स्थिति का लिया जायजा
अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुण्डे ने सोमवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सुशील कुमार व जिला चिकित्सालय अधीक्षक डा0 ए0के0 सिन्हा मौके पर उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नागरिकों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति को देखते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा सबसे बुनियादी जरूरत है और यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोई भी मरीज बिना इलाज के न लौटे, संवेदना के साथ सभी मरीजों को प्राथमिकता दी जाय।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान मौके पर भर्ती मरीजों से वार्ता करते हुए स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ साथ उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, ओ0पी0डी0 का समय, मरीजों के लिए स्ट्रेचर/व्हीलचेयर की उपलब्धता, बैठने की व्यवस्था, पेयजल व साफ सफाई की व्यवस्था का अवलोकन किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की और सुनिश्चित किया कि वे अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि वह नियमित रूप से चिकित्सालयों का निरीक्षण करें और आवश्यक कदम उठायें। जिलाधिकारी ने चर्मरोग, जनरल वार्ड, जच्चा बच्चा वार्ड, ब्लड बैंक सहित आउटडोर और इनडोर सेवाओं का निरीक्षण किया और सुनिश्चित किया कि मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है।
उन्होंने मरीजों के रिकॉर्ड ठीक से रखने, चिकित्सालय की सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, अल्ट्रासाउंड मशीन व एक्सरे मशीन आदि को देखते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने अस्पताल में गंदगी व खुले नाले को देखकर नाराजगी जतायी और उसे तत्काल सही कराने के निर्देश दिये।