-व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने गुरूवार को शासन के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्ट्रेट परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर कार्यालयों की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण तथा जनसुनवाई कक्ष की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुँचना चाहिए। उन्होंने कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट सभागार, अभिलेखागार, आयुध कक्ष तथा विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सभी पटलों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, अपर जिलाधिकारी (नगर), अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सहित संबंधित विभागाध्यक्ष एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।