-गांव के ही रहने वाले पड़ोसी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
अयोध्या। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की शाम गोली लगने से एक किशोर की मौत हो गई। मामले में गांव के ही रहने वाले पड़ोसी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।मंगलवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के तिहुरा उपरहार में गांव निवासी आलोक वर्मा उर्फ शनि वर्मा (16 वर्ष ) पुत्र स्व.राम निहोर वर्मा अपने पड़ोसी मनोज वर्मा के घर में खेल रहा था।
वहीं पर ट्रैक्टर चालक गांव निवासी अनीस यादव (20 वर्ष) पुत्र अंगद यादव भी था। शाम को लोगों ने फायरिंग की आवाज सुनी तो देखा कि शनि वर्मा घायल है और उसके पेट से खून निकल रहा है। परिवार के लोग उसको लेकर तत्काल दर्शन नगर मेडिकल कालेज भागे तो मेडिकल कालेज में डाक्टरों ने हाल गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद किशोर को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। मामले की जानकारी पर सीओ अयोध्या और अयोध्या कोतवाल ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच जाँच-पड़ताल की।
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि गोली लगने से एक किशोर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भजवाया गया है। मृतक किशोर की मौसी शीला वर्मा ने अनीस यादव के खिलाफ हत्या की नामजद तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कराई जा रही है।