-अम्बेडकरनगर जिला प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ जताई नाराजगी
अयोध्या। डा. रामनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में शिक्षक संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन कर अंबेडकरनगर के जिला प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान संयुक्त शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. जन्मेजय तिवारी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में चल रही एलएलबी एवं बीएससी एग्रीकल्चर की परीक्षा के दौरान 2 फरवरी को अंबेडकरनगर स्थित बीएनकेवी महाविद्यालय अंबेडकरनगर में एसडीएम की ओर से छापा मारकर की गई कार्रवाई पूरी तरह अनुचित थी।
उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉ. तिवारी ने आरोप लगाया कि एसडीएम ने केंद्र अध्यक्ष सुचिता पांडे के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बाद में गंभीर धाराओं में उनके विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज करा दिया। शिक्षक संघ ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना अनुमति महाविद्यालय में प्रवेश कर कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है। परीक्षा अवधि में केवल कुलपति, कुलसचिव अथवा परीक्षा नियंत्रक ही केंद्र पर निरीक्षण कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि एसडीएम द्वारा लगाए गए आरोप जैसे कक्ष निरीक्षकों की अनुपस्थिति और कक्ष संचालन न होना पूरी तरह निराधार हैं, जिसकी पुष्टि विश्वविद्यालय की रिपोर्ट से भी होती है। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार को होने वाली कमेटी की बैठक में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के विरुद्ध बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहना होगा।