राम की पैडी से हटा पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी व सिंचाई मंत्री के नाम का पत्थर, गुस्से में कांग्रेसी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कांग्रेस जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष ने डीएम को दिया ज्ञापन, -कहा-उदघाटन पत्थर नहीं लगाया गया तो राम की पैड़ी पर करेंगे आमरण अनशन

अयोध्या। राम की पैडी से पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी तथा तत्कालीन सिंचाई मंत्री लोकपति त्रिपाठी के नाम का उद्घाटन पत्थर वहां से हटाए जाने पर जिले के कांग्रेसियों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। मंगलवार को जानकारी होने पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने कड़े शब्दों में निंदा की। पार्टी जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल के अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने जिला अधिकारी से मिलकर प्रशासन के उक्त कृत्य पर अपना विरोध दर्ज कराया और उनसे तत्काल उद्घाटन पत्थर को दोबारा लगाने का अनुरोध किया।

जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 1989 में पूर्व मुख्यमंत्री नारायण तिवारी तथा तत्कालीन सिंचाई मंत्री लोकपति तिवारी ने राम की पैड़ी का उद्घाटन किया था। जिसका पत्थर राम की पैड़ी पर लगा हुआ था। जिसे अभी तीन-चार दिन पहले वहां से हटकर गायब कर दिया गया।

महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल तथा पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इससे पूर्व राजीव गांधी स्मृति उद्यान से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा प्रशासन द्वारा साजिशन हटा दी गई थी। जिसका उस समय कांग्रेस पार्टी ने विरोध किया था। तत्कालीन डीएम ने दोबारा मूर्ति लगाने का आश्वासन दिया था। बावजूद आज तक पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हटाई गई मूर्ति नहीं लगाई गई।

अगर इस बार हटाया गया उद्घाटन पत्थर प्रशासन नहीं लगवाता है तो कांग्रेस जन राम की पैड़ी पर आमरण अनशन करेंगे। जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी पराजय देखकर भारतीय जनता पार्टी बौखला गई है। और वह पूरे प्रदेश में विपक्षी पार्टियों के स्मृति चिन्ह को हटाने का प्रयास कर रही है। अभी हाल में वाराणसी में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किए गए संपूर्णानंद स्टेडियम से संपूर्णानंद जी का नाम हटा दिया गया। कांग्रेस पार्टी इस तरह के कायराना कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करती है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि शैलेंद्र मणि पांडे, प्रवीण श्रीवास्तव, उमेश उपाध्याय, रोहित यादव सम्मिलित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya