-गांव में पुलिस का पहरा,तीन लखनऊ रेफर और नौ नामजद
अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कन्दैला गांव में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडा चला और आगजनी हुई। मारपीट में कुल 15 लोगों को चोटें आई और तीन की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे चिकित्सक आशीष पाठक ने लखनऊ रेफर किया है। एक पक्ष का छप्पर और दो बाइक आगजनी की भेंट चढ़ गई। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने मौका-मुआयना कर पुलिस-पीएसी बल को तैनाती किया है। दोनों पक्षों के तहरीर पर नौ लोगों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ बलवा-मारपीट,आगजनी,तोड़फोड़ सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को मेडिकल और इलाज के लिए जस्पटल भेजवाया है।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी राज सिंह पुत्र सूर्यभान सिंह और रामसागर मौर्य पुत्र गुरु दीन मौर्य के बीच भूमि विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर सोमवार सुबह 8ः30 बजे दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट और आगजनी हुई। पुलिस को दी गई शिकायत में गांव निवासी रामसागर मौर्य का आरोप है कि छप्पर ठीक करते समय गांव के राज सिंह और उनके परिवार ने मौके पर पहुंच गाली-गलौच और विवाद किया तथा हमला कर दिया। घर के अन्य लोग बचाने दौड़े तो उनको भी लाठी-डंडे से मारपीटकर घायल कर दिया। जान बचाने के लिए वह लोग भागकर छप्पर में छिपे तो आग लगा दी। आगजनी में छप्पर,दो बाइक और अन्य सामान जल गया। दूसरे पक्ष के अमित सिंह उर्फ छोटू का आरोप है कि उनके चचेरे भाई राज सिंह अपने कारखाने जा रहा थे। वह रामसागर मौर्य के घर के पास पहुंचे ही थे कि हमलाकर दिया गया। चाचा सूर्यभान सिंह और चाची मीरा सिंह बीच-बचाव के लिए दौड़ी तो इनको भी मारापीटा गया।
मौके पर पहुंचे परिजनों की भी पिटाई की गई। विवाद और संघर्ष की सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजवाया। अग्निशमन विभग को सूचना देकर फायर टेंडर दस्ते को मौके पर बुलवा आग पर काबू कराया। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी,उप जिला अधिकारी सोहावल सविता राजपूत और क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने गांव पहुंच हालात का जायजा लिया है। तनाव की आशंका को लेकर गांव में पुलिस बल के साथ पीएसी दस्ते की तैनाती की गई है। उपजिलाधिकारी सोहावल सविता राजपूत का कहना है कि भूमि विवाद को लेकर संघर्ष और आगजनी हुई है। जिस भूमि को लेकर विवाद बताया जा रहा है वह प्रथमदृष्टया ग्राम समाज की जमीन है। संबधित भूमि की पैमाइश करवाई जाएगी। पैमाइश रिपोर्ट के आधार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि अमित सिंह उर्फ छोटू पुत्र इंद्रभान सिंह की तहरीर पर रामसागर मौर्य,सुधाकर मौर्य,बंटी मौर्य,राम लगन मौर्य वह दो-तीन अन्य अज्ञात के विरुद्ध मारपीट,बलवा,गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी तथा रामसागर मौर्य पुत्र गुरुदीन के तहरीर पर राज सिंह,सूर्यभान सिंह,अमित सिंह,रविंद्र सिंह,सरदार सिंह समेत अन्य के विरुद्ध बलवा,आगजनी,मारपीट,जान से मारने की धमकी,तोड़फोड़ आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए भेजवाया गया है। जहां से डाक्टर ने हालत गंभीर देख राज सिंह,सूर्यभान सिंह और मीरा सिंह को जिला अस्पताल और फिर जिला अस्पताल इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे डॉक्टर आशीष पाठक ने लखनऊ रेफर कर दिया है दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।