आईएमए अयोध्या इकाई में हुआ दो फाड़

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-एक गुट ने चुनाव कर बनाई कार्यकारिणी तो दूसरे गुट का 15 नवंबर को होगा चुनाव

अयोध्या। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की अयोध्या इकाई में दो फाड़ हो गया है। एक गुट ने 11नवम्बर को ही आईएमए का चुनाव कराकर अध्यक्ष और कार्यकारिणी बना ली। जबकि वर्तमान आईएमए की अध्यक्ष डॉक्टर मंजूषा पाण्डेय ने असंवैधानिक तरीके से चुनाव कराने का आरोप लगाया है। बताया कि चुनाव के दौरान न वर्तमान अध्यक्ष मौजूद रहीं और न ही कोई सीनियर्स डॉक्टर्स ।

बायलॉज के तहत फ्री एवं फेयर इलेक्शन हमारा दायित्व : डॉ. मंजूषा पांडेय


शुक्रवार को स्थानीय होटल में आईएमए अयोध्या की अध्यक्ष डॉ. मंजूषा पांडेय ने प्रेसवार्ता की। बताया कि आईएमए अयोध्या के कुछ सदस्यों ने मनमानी ढंग से अध्यक्ष एवं सचिव का चुनाव कराने का प्रयास किया है जो कि बाइलाज के दिशा निर्देशों के विरुद्ध एवं सर्वथा असंवैधानिक है। चुनाव कराने के लिए उन लोगों ने 11 अक्टूबर नवरात्रि के अंतिम दिन को रखा जिस दिन हमारे बहुत से सदस्य व्रत रखते हैं। फैजाबाद/अयोध्या शहर के अधिकांश भाग में बैरिकेडिंग के कारण उस दिन कोई भी वाहन चलाना संभव नहीं होता।

बताया कि संस्था के वरिष्ठ सदस्य व पूर्व अध्यक्ष गण डॉक्टर केएस मिश्रा, डॉक्टर एफबी सिंह, डॉक्टर वीके गुप्ता, मैंने स्वयं एवं अन्य बहुत से सदस्यों ने अपना विरोध व्यक्त किया परंतु इसके बावजूद भी चुनाव की कूट रचना कर दी गई। डॉ मंजूषा ने बताया कि बैठक में 15 अक्टूबर को एडवाइजरी कमेटी बनाई जा चुकी है। अब 07 नवंबर को वोटर लिस्ट निकाली जाएगी।

14 नवंबर को आपत्ति, 20 नवंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। 08 नवंबर को नामांकन, 11 नवंबर को नाम वापसी, 15 नवंबर को मतदान, तथा उसी दिन परिणाम आएगा। इस दौरान डा एचबी शुक्ला, डॉ एफबी सिंह, डॉ केएस मिश्रा, डॉ बीके गुप्ता, डॉ राकेश तिवारी, डॉ सीबीएन त्रिपाठी, डॉ जीके पांडे, डॉ विपिन वर्मा, डॉ शिवेंद्र सिन्हा, डॉ सत्येंद्र सिंह, डॉ एसएम द्विवेदी, डॉ धर्मेंद्र सिंह, डॉ संजय पांडे, डॉ सुषमा त्रिवेदी, डॉ पल्लवी श्रीवास्तव व अन्य मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  अयोध्या में अब हर श्रद्धालु को 'अतिथि देवो भव:' की भावना के अनुरूप मिलेगा सत्कार

डॉ. आरके बनौधा अध्यक्ष, सचिव चुने गए हैं डॉ. प्रवीण कुमार मौर्य


आईएमए दूसरे गुट के मुख्य चुनाव आयुक्त रहे डॉ. अफरोज खान ने बताया कि 11 अक्टूबर को चुनाव हुआ है। बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए आम सभा की बैठक और आईएमए पदाधिकारी चुनाव 11 अक्टूबर, 2024 को हुआ है।
मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. अफरोज खान तथा दो सहायक चुनाव आयुक्त डॉ. सईदा रिजवी और डॉ. वीके. गुप्ता (फिजिशियन) रहे। जिन्हें अध्यक्ष डॉ. मंजूषा पांडे ने ही नियुक्त किया था।

अध्यक्ष और सचिव के पदों के लिए दो नामांकन प्राप्त हुए। अध्यक्ष के लिए डॉ. आरके बनौधा और सचिव के लिए डॉ. प्रवीण कुमार मौर्य। कोई अतिरिक्त नामांकन प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण दोनों पदों पर निर्विरोध चुनाव सम्पन्न कराया गया है। दोनों को उनके पदों की मान्यता में प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya