-सोशल मीडिया के कई प्लेटफार्म को दीपोत्सव नोडल अधिकारी ने दी हरी झंडी
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय व उत्तर प्रदेश सरकार के संयोजन में अयोध्या राम की पैड़ी पर 23 अक्टूबर को होने वाले दीपोत्सव को आमजन तक पहुॅचाने के लिए विश्वविद्यालय ने कई अधिकारिक सोशल मीडिया पेज बनाये। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 अखिलेश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो0 अजय प्रताप सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया के कई प्लेटफार्म को हरी झंडी दी।
इसके माध्यम से दीपोत्सव के स्वयंसेवकों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ लाखों लोगों को जोड़ने की तैयारी है। नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशन में दीपोत्सव-2022 को भव्य बनाना है। इस प्रांतीय उत्सव की विश्वभर में चर्चा है। इसको और अधिक यादगार बनाने के लिए पारंपरिक मीडिया के साथ सोशल मीडिया का सहारा लिया जायेगा। ताकि दीपोत्सव की भव्यता आमजन तक पहुॅच सके। प्रो0 सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा दिव्य दीपोत्सव के नाम से फेसबुक पेज बनाया गया है। क्यू आर कोड को मोबाइल से स्केन करने पर कोई भी आसानी से फेसबुक से जुड़ सकता है।
इसके अतिरिक्त यू-ट्यूब, इंस्टाग्राम व ट्विटर पर दिव्य दीपोत्सव अयोध्या धाम से अकाउंट बनाया गया है, इससे भी जुड़ सकते है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के अधिकारिक पेज को चलाने के लिए आईईटी संस्थान के शिक्षक डॉ0 विनीत सिंह, इंजीनियर अनुराग सिंह व इंजीनियर पियूष राय को जिम्मेदारी सौपी गई है। इन्हीं की निगरानी में सोशल मीडिया पेज संचालित किया जायेगा। दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो0 सिंह ने बताया कि शासन द्वारा राम की पैड़ी पर 14 लाख 50 हजार दीए जलाने का लक्ष्य दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से 16 लाख से अधिक दीए बिछायें जाने की योजना है। इसके लिए 18 हजार स्वयंसेवक लगाये जायेंगे। पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए समितियों के गठन के साथ अन्य तैयारियां की जा रही है।