सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी परेशानी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-दशरथ समाधि स्थल से मूड़ाडीहा गांव को जाने वाले मार्ग पर भरा पानी

गोसाईगंज। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के किनारे बसे गांवों में लोगो की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। सदर तहसील के पूरा ब्लाक इलाके के तटीय इलाकों में पानी बढ़ने से ग्रामीणों की दिल की धड़कनें तेज हो गई हैं। दशरथ समाधि स्थल से मूड़ाडीहा गांव को जाने वाले मार्ग पर पानी भर गया है। यही नहीं सलेमपुर, उरदहवा, पिपरी संग्राम, गुप्तार का पुरवा व रामपुर पुआरी आदि गांव में बाढ़ का पानी भर गया है।सलेमपुर गांव में दर्जनों घरों में पानी घुस जाने के बाद लोग अपना सामान लेकर सुरक्षित स्थानों पर नाव से जा तो रहे हैं, लेकिन शासन द्वारा जो नाव लगाई गई है वह पर्याप्त नहीं है।

गांव के बृजलाल ने बताया कि लगभग 14 लोगों का परिवार है और साथ में जानवर भी है। घर में पानी घुसने के चलते अनाज और भूसा भीग गया, जिससे पशुओं के चारे का संकट खड़ा हो गया। यही हाल रामकेश, राम सजीवन व घनश्याम का भी है।मूडाडीह के प्रधान गया प्रसाद यादव ने बताया कि प्रशासन की तरफ से अब तक सिर्फ 4 नाव लगाई गई है। इनकी संख्या बढ़ानी चाहिए। मडना बलुइया के सियाराम, शत्रुहन, राजेश, दुर्गेश, हरकिशन व सभाजीत यादव ने बताया कि घरों में पानी भर जाने के बाद भी प्रशासन अब तक कोई व्यवस्था नहीं कर सका है।

मडना के प्रधान ओम प्रकाश यादव ने बताया कि प्रशासन ने अब तक सिर्फ दो नाव को लगाया है जो लोगों को बाहर निकालने में पर्याप्त नहीं है।एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि लेखपालों को गांव में कैंप करने के लिए कहा गया है, जिससे पल-पल की खबर मिल सके। नावों की संख्या बढ़ाई जा रही है। प्रधानों को भी सतर्क कर दिया गया है। बाढ़ पीड़ितों का हित सर्वोपरि है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya