अयोध्या। गोरखपुर लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को रौनाही थाना क्षेत्र में तहसीनपुर टोल प्लाजा के निकट हुए हादसे में रोडवेज बस सवार छह यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों को जिला अस्पताल लाए जाने के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने एक यात्री को भर्ती किया है। जबकि पांच यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। रोडवेज प्रशासन ने जिला अस्पताल पहुंच यात्रियों का हाल चाल लिया है।
बताया गया कि बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ डिपो की एक रोडवेज बस गोरखपुर से यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। लखनऊ हाईवे पर रौनाही थाना क्षेत्र में तहसीनपुर टोल प्लाजा के थोड़ा आगे बस की टक्कर हो गई। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि हादसे में घायल सुरेश चंद्र उपाध्याय 65 वर्ष पुत्र रामचंद्र निवासी वार्ड नंबर 2 हटा थाना हटा जिला कुशीनगर को हालत गंभीर होने के कारण भर्ती किया गया है।
जबकि मामूली घायल यात्री अंकिता 19 वर्ष पत्नी रंजीत निवासी चुआरे थाना छपिया जिला गोंडा, सादिया 32 वर्ष पत्नी मुशीर राजा निवासी रायगंज थाना राजगढ़ जिला गोरखपुर, उनके पति musheer राजा 35 वर्ष, अनिल कुमार श्रीवास्तव पुत्र स्वर्गीय श्याम बिहारी निवासी हुमायूंपुर उत्तरी जिला गोरखपुर तथा अमर भट्ट 26 वर्ष पुत्र दिलीप निवासी बस्ती का प्राथमिक उपचार किया गया है। अयोध्या डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी बीके मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचे घायलों का हाल-चाल लिया है और गंभीर घायल यात्री को विभाग की ओर से आर्थिक मदद प्रदान की है।