सफाई मित्रों का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने किया स्वागत

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

21 किलो सामग्री का राशन किट व अंगवस्त्र किया गया भेंट

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रविवार को पुष्पवर्षा कर सफाई मित्रों का स्वागत किया साथ ही उन्हें अंगवस्त्र व 21 किलो सामग्री का राशन किट भी भेंट स्वरूप दिया। स्वागत-सम्मान का यह कार्यक्रम विहिप मुख्यालय कारसेवकपुरम में आयोजित था। जहां 251 सफाई मित्रों का स्वागत-सम्मान हुआ, जिनमें 100 अयोध्या व151 फैजाबाद के थे। अपने स्वागत-सम्मान से यह सफाई मित्र बहुत ही अविभूत दिखे। उन्होंने आयोजक मंडल को कोटिशः धन्यवाद भी ज्ञापित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पतराय ने कहा कि आज पूरा भारत कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से जूझ रहा है। इसके निदान के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जोर-शोर से लगे हुए हैं, जिसके चलते भारत में 54 दिन अर्थात 17 मई तक लॉकडाउन है। ताकि कोविड-19 जैसी गंभीर बीमारी से निपटा और इसके संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। उन्होंने कहाकि हिन्दुस्तान में तीन सेवाएं ऐसी हैं, जिनका घर में रहना बीमारी में वृद्धि का कारण हो जाता है। वह सेवाएं हैं स्वास्थ्य, सुरक्षा व स्वच्छता। यह सबको जिंदा रखने के लिए समाज में रहती हैं। पिछले दिनों भारत की सेना ने कोरोना योद्धाओं के सम्मान में आकाश से पुष्पवर्षा किया था। पुष्पवर्षा करने की यह सेना की भावना थी कि क्यों न कोरोना फाइटरों के सम्मान में ऐसा कार्य किया जाए, जिससे उनका हौसला बढ़ सके। तो हमारे ट्रस्ट ने भी सोचा कि हम लोग भी इनके सम्मान में कुछ करें। तो अयोध्या में रहने वाले ट्रस्ट के 6 न्यासियों से हमने बात किया, जिसमें तय किया गया कि स्वच्छता के लिए कार्य किया जाए। उसी के सापेक्ष आज संतों और ट्रस्ट के लोगों ने प्रतीक रूप में पुष्पवर्षा कर सफाई मित्रों का सम्मान किया। जो आत्मीय सम्बंध का व्यवहारिक रूप था। इस मौके पर मुख्य रूप से दिगम्बर अखाड़ा के महन्त सुरेश दास, मणिरामदास छावनी उत्तराधिकारी महन्त कमलनयन दास, अयोध्या संत समिति अध्यक्ष महन्त कन्हैयादास रामायणी, निर्मोही अखाड़ा महन्त व ट्रस्टी दिनेन्द्र दास, श्रीरामवल्लभाकुंज अधिकारी राजकुमार दास, विहिप केन्द्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज और पुरूषोत्तम नारायण, रामजन्मभूमि के ट्रस्टी राजा विमलेन्द्र मोहन मिश्र एवं डा. अनिल मिश्रा, सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, डीएम अनुज कुमार झा, एसएसपी आशीष तिवारी, नगर आयुक्त डॉ. नीरज शुक्ला आदि उपस्थित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya