बाबू प्रभात सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर ’सेवा समर्पण दिवस’ का हुआ आयोजन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-ठंड से बचाने के लिए 20 हजार जरूरतमंदो को कंबल, गरीब छात्र-छात्राओं को साइकिल व महिलाओं को दी गयी सिलाई मशीन


अयोध्या। पूराबाजार विकासखंड के मडना में स्व. बाबू प्रभात सिंह की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर ’सेवा समर्पण दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और विशिष्ट अतिथि के रूप में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह शामिल हुए। इस दौरान अयोध्या और अंबेडकर नगर के भाजपा विधायक भी मौजूद रहे। यह आयोजन अयोध्या ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह और गन्ना समिति अयोध्या के जिलाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह के पिता स्वर्गीय प्रभात सिंह की स्मृति में किया गया।

मडना निवासी प्रभात सिंह की पुण्यतिथि पर हर साल 5 जनवरी को ’सेवा समर्पण दिवस’ मनाया जाता है, और इस वर्ष उनके पुत्रों द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गरीब और असहाय लोगों को ठंड से बचाने के लिए 20 हजार कंबल वितरित किए गए। इसके अलावा गरीब छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन स्वरूप साइकिलें प्रदान की गईं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें भेंट की गईं। साथ ही, पूराबाजार विकासखंड के कई गांवों के प्रतिभाशाली छात्रों को शैक्षिक सहायता के रूप में आर्थिक मदद भी दी गई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम के आदर्शों की भूमि है।

उन्होंने स्वयं को श्रीराम के मित्र निषादराज का प्रतिनिधि बताया और कहा कि वे श्रीराम की मित्रता का निर्वहन करने आए हैं। उन्होंने शिवेंद्र सिंह को भी प्रभु श्रीराम के प्रतिनिधि के रूप में बताया।मंत्री निषाद ने कहा कि सभी मिलकर अयोध्या को और भी बेहतर बनाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान राम और निषादराज की मित्रता को मान्यता देने का जिक्र किया, जिसका प्रमाण राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में उन्हें मिला पहला निमंत्रण था। उन्होंने यह भी बताया कि अयोध्या में कई सभागार निषादराज के नाम और भोजनालय माता शबरी के नाम से संचालित किए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़े  राष्ट्रपति के अयोध्या आगमन की सभी तैयारियां समय से की जाएं पूर्ण : सीएम योगी

इस अवसर पर गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह, गिरीश कुमार पाण्डेय डिप्पुल, अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के पूर्व कुलानुशासक/कार्यवाहक कुलपति अंजय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामप्रकाश पाण्डेय ’बादल’, वल्लभाकुंज अयोध्या के महंत राजकुमार दास, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, मडना प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश यादव सहित पूराबाजार विकासखंड के सभी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya