-रामजन्मभूमि परिसर में तत्त्वहोम व मन्युसूक्त होम सम्पन्न, सांध्य बेला में निकली पालकी यात्रा

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित प्रतिष्ठा द्वादशी (पाटोत्सव) के चल रहे महायज्ञ अनुष्ठान के दूसरे दिन रविवार को वैदिक विधियों के अनुसार तत्त्वकलश, तत्त्वहोम, मन्युसूक्त होम और रामतारक मंत्र होम सहित कई महत्वपूर्ण अनुष्ठान सम्पन्न कराए गए। वैदिक मंत्रोच्चार से सम्पूर्ण मन्दिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
अनुष्ठान के दौरान आचार्यों ने विधिवत पूजन संपन्न कराया। सांध्य बेला में देवविग्रह की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जो प्रतिदिन श्रीराम मन्दिर की तीन परिक्रमा करती है। यह क्रम अनुष्ठान की पूर्णाहुति तक निरंतर जारी रहेगा।
सृष्टि तत्वों के संतुलन का वैदिक विज्ञान

पूजन में लगे आचार्यों के अनुसार यह महायज्ञ सृष्टि के पंचतत्वों को संतुलित करने का वैदिक विज्ञान है। इससे अधर्म, बाधा और अशांति का निवारण होता है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।