सनातन हमेशा जोड़ता है, तोड़ता नहीं : महामंडलेश्वर बाबा महादेव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-श्री राम आर्ष गुरुकुल विद्यापीठ संस्थान का हुआ भूमिपूजन व शिलान्यास

मिल्कीपुर। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम किनौली, टांडिया में श्री राम आर्ष गुरुकुल विद्यापीठ संस्थान का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। भूमि पूजन के अवसर पर मुख्य अतिथि अन्तर्राष्ट्रीय महामंडलेश्वर बाबा महादेव उपस्थित रहे। गुरुकुल के भूमि पूजन एवं शिलान्यास के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महामंडलेश्वर बाबा महादेव ने कहा कि गुरुकुल की स्थापना एक महान कार्य है जिसको वर्षों तक याद किया जाएगा। गुरुकुल की स्थापना से ही विद्यार्थियों का सृजन होगा और उनके सृजन से ही भारत का उत्थान होगा। कहा कि सनातन हमेशा जोड़ता है, तोड़ता नहीं इसीलिए सनातन में तलाक जैसी व्यवस्था ही नहीं है।

आजकल युवाओं में चरित्रहीनता बढ़ती जा रही है और वे नशे की तरफ बढ़ते जा रहे हैं। इसका कारण संस्कार में कमी आना है। अंग्रेजी शिक्षा ने भारत की शिक्षा पद्धति को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है। हमारी शिक्षा पद्धति से पढ़ा व्यक्ति कभी आतंकवादी नहीं बनता, वह हमेशा मानवता का रक्षक होता है न कि मानवता का भक्षक। कहा कि संस्कार में कमी के कारण आज प्राचीन भारत की सभी संस्थाएं कमजोर पड़ती जा रही हैं। लोगों को संस्कारवान कैसे बनाया जाए इसका समाधान हमारे वेदों, ग्रंथों और उपनिषदों में पहले से ही बताया गया है।

हमारे आदर्श प्रभु श्री राम हैं जो हमें सिखाते हैं कि माता-पिता की आज्ञा मानो, वैभव का त्याग कर दो किंतु अपने शस्त्र और शास्त्र दोनों का त्याग कभी मत करो। इनका त्याग करने से धर्म की रक्षा नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राम मंदिर के निर्माण और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी गुरुकुल से निकले विद्यार्थी ही करेंगे जो शस्त्र और शास्त्र दोनों में पूर्ण रुप से पारंगत होंगे।

इसे भी पढ़े  अयोध्या में 3.19 करोड़ की लागत से बन रहा दिव्यांग बच्चों के लिए बचपन डे-केयर सेंटर

गुरुकुल के प्रबंधक एवं क्रांतिकारी राष्ट्र चिंतक और कथा व्यास पंडित सतीश चंद्र शास्त्री ने बताया कि एक समय पूरे भारतवर्ष में साढ़े सात लाख गुरुकुल थे लेकिन अंग्रेजी शिक्षा पद्धति के कारण आज लगभग समाप्त हो गए हैं। लोग धनोपार्जन तो कर रहे हैं लेकिन जीवन को कैसे जीना है इसको लेकर वे जागरूक नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत माता की दो संताने हैं एक बेटा और एक बेटी। बेटे का नाम संस्कार है और बेटी का नाम संस्कृति। गुरुकुल में पढ़ने वाले बच्चे संस्कारी बनकर निकलेंगे और अपनी संस्कृति की रक्षा करेंगे।

कहा कि वर्तमान में सम्पूर्ण भारतवर्ष में पश्चिमी सभ्यता हावी होती जा रही है, युवा गलत रास्तों पर चलकर अपना जीवन नष्ट कर रहा है। इसका समाधान गुरुकुल शिक्षा पद्धति से ही सम्भव है। शास्त्री ने कहा गुरुकुल के माध्यम से हमें अखंड भारत के निर्माण का लक्ष्य पूरा करना है जो पूर्व में ईरान से लेकर म्यांमार तक फैला हुआ था। गुरुकुल से अब्दुल कलाम जैसे विद्यार्थी निकलेंगे जो समय आने पर देश के लिए मिसाइल का निर्माण कर सकेंगे। गुरुकुल के शिष्य भविष्य में भारत का नाम फिर से पूरे विश्व में गौरवान्वित करेंगे।

यह अवध क्षेत्र का पहला गुरुकुल होगा जहां पर वेद और विज्ञान दोनों की शिक्षा साथ-साथ दी जाएगी। गुरुकुल का पूरा परिसर एक एकड़ में फैला हुआ है, जहाँ पर दो हज़ार से अधिक विद्यार्थी एक साथ अध्ययन कर सकते हैं। इस अवसर पर समाजसेवी पंकज तिवारी, ब्रह्म प्रसाद दुबे और लक्ष्मीकांत के साथ सैकड़ो की संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya