-कहा-स्कूल मालिक व प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक स्थिति में केवल फिटनेस युक्त वाहनों का ही संचालन किया जाए
अयोध्या। अपर मुख्य सचिव परिवहन एवं परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर स्कूल वाहनों के ऑनबोर्डिंग, वाहनों का विवरण दर्ज किए जाने तथा विशेष रूप से परिवहन विभाग द्वारा उनके निरीक्षण की प्रगति की उच्च अधिकारियों द्वारा निरंतर समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को आरटीओ प्रशासन ऋतु सिंह द्वारा जनपद के एआरटीओ, संभागीय निरीक्षक, कार्मिकों आदि के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूल वाहनों के फिटनेस एवं ऑनबोर्डिंग की धीमी प्रगति पर रोष व्यक्त किया गया।
आरटीओ प्रशासन ने निर्देश दिए कि युद्ध स्तर पर सभी स्कूल वाहनों को निगरानी पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जाए तथा उनका निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित हो रहे हैं। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित आख्या पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल मालिक एवं प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक स्थिति में केवल फिटनेस युक्त वाहनों का ही संचालन किया जाए। बैठक में अवगत कराया गया कि अब तक लगभग 85 विद्यालयों में जाकर उन्हें ऑनबोर्डिंग हेतु प्रेरित किया गया है, जबकि अन्य विद्यालयों को व्हाट्सएप एवं अन्य माध्यमों से सूचित किया जा रहा है।
अपेक्षित प्रगति न होने पर आरटीओ द्वारा शिक्षा विभाग के संयुक्त शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी से अपील की गई है कि वे अपने स्तर से भी विद्यालयों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश एवं प्रेरणा प्रदान करें। साथ ही अयोध्या मंडल के समस्त एआरटीओ प्रशासन एवं प्रवर्तन, पीटीओ तथा संभागीय निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वाहन निरीक्षण का कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए, ताकि उच्चाधिकारियों के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों के विद्यालय प्रबंधन से स्कूल वाहनों की फिटनेस संबंधी जानकारी अवश्य प्राप्त करें।