-वन कर्मियों ने सांप को पकड़ने से कर दिए हाथ खड़े
मिल्कीपुर। कुमारगंज वन रेंज अंतर्गत मलेथू बुजुर्ग गांव स्थित एक किसान के धान के खेत में एक दुर्लभ प्रजाति का विषैला सर्प मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पीआरबी पुलिस टीम सहित कुमारगंज वन क्षेत्राधिकारी को दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इनायत नगर थाना क्षेत्र के मलेथू बुजुर्ग गांव निवासी मानवेंद्र सिंह पुत्र स्वामी नाथ सिंह ने अपने धान के खेत में पानी सिंचाई हेतु पाइप बिछा रखी थी।
बीते 3 दिन पूर्व से उसी पाइप से सट कर एक दुर्लभ प्रजाति का सांप बैठा दिखाई दिया। जिसके बाद कृषक स्वामीनाथ सिंह ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने सांप को देखकर वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सूचना दी। कृषक द्वारा दुर्लभ प्रजाति के सर्प की फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग वन कर्मियों को प्रेषित किए जाने के बाद वन कर्मियों के हाथ पांव फूल गए और उन्होंने सांप को अत्यधिक विषैला बताते हुए उसका नाम रसल वाइपर बताया।
शनिवार को वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव के संज्ञान में मामला जाने के बाद उन्होंने बीट प्रभारी फॉरेस्ट गार्ड दीपक शुक्ला को वन कर्मियों की टीम के साथ मौके पर भेजा किंतु दुर्भाग्य रहा कि धान के खेत में सांप छुप गया था। वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जो सांप वीडियो रिकॉर्डिंग में दिखाई दे रहा है, वह अत्यंत दुर्लभ प्रजाति का है। यह अपने देश में बहुत कम दिखाई पड़ता है। अधिकतर यह दूसरे देश अफ्रीका में बहुतायत संख्या में मिलते हैं।
उन्होंने बताया कि यह सांप उछल कर काटता है और अत्यंत विषैला भी होता है, जिसके काट लेने से आदमी की मृत्यु निश्चित मानी जाती है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सांप की निगरानी के लिए बताया गया है और लोगों को यह भी हिदायत दी गई है सांप के दिखाई देने पर उसके इर्दद-गिर्द कतई न जाएं।