रामनगरी का ‘नक्षत्र’ चमका, भारत देखेगा हुनर

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-रानोपाली निवासी कार्तिक के 12 वर्षीय पुत्र नक्षत्र का 9 एक्सएम के लोकप्रिय शो हुनर के मंच में चयन

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में एक नया ‘नक्षत्र’ चमक उठा है। वह अब देशव्यापी मंच पर अपनी कला का जादू बिखेरने को तैयार है। रानोपाली निवासी 12 वर्षीय प्रतिभाशाली बालक नक्षत्र कुमार का चयन प्रसिद्ध नेशनल म्यूजिक चैनल 9XM के लोकप्रिय रियलिटी शो हुनर का मंच में हुआ है। यह शो उन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है जो संगीत, नृत्य, अभिनय या अन्य कलाओं में असाधारण हुनर रखते हैं। नक्षत्र का चयन देश भर से आए हजारों प्रतियोगियों में से हुआ है, जिसमें केवल 50 प्रतिभागियों को जगह मिली है। उत्तर प्रदेश से मात्र 5-6 बच्चों का ही चयन हुआ है, जिसमें नक्षत्र का नाम शामिल होना अयोध्या और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

स्टूडियो हुआ बंद, अब पिता करते ऑनलाइन व्यवसाय

नक्षत्र अयोध्या एकेडमी में कक्षा छह का छात्र है। उसकी इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षक और स्थानीय लोग बेहद उत्साहित हैं। नक्षत्र के पिता कार्तिक कुमार मूल रूप से बस्ती जिले के परसरामपुर गांव (पेरीपोखर) के निवासी हैं। लगभग 15 वर्ष पहले वे परिवार सहित अयोध्या आ बसे थे। पहले वे आईटीआई के निकट एक फोटो स्टूडियो चलाते थे, लेकिन कुछ पारिवारिक और आर्थिक कारणों से अब वे अपना व्यवसाय ऑनलाइन माध्यम से संचालित कर रहे हैं। कार्तिक बताते हैं कि नक्षत्र की इस सफलता ने पूरे परिवार को नई ऊर्जा दी है। ऑडिशन के बाद जब ईमेल से चयन की सूचना मिली, तो घर में खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

इसे भी पढ़े  कानून व शांति-व्यवस्था कायम रखना होगी प्राथमिकता : सोमेन वर्मा

बचपन से ही गायिकी में रखता है रुचि

माता कालिंदी देवी ने बताया कि नक्षत्र बचपन से ही संगीत के प्रति गहरी रुचि रखता है। वह छोटी उम्र में ही विभिन्न स्कूलों में आयोजित होने वाले संगीत प्रतियोगिताओं में भाग लेता रहा है और कई बार प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। उसकी आवाज में मिठास और स्वरों में गहराई ऐसी है कि सुनने वाले मुग्ध हो जाते हैं। नक्षत्र ने अपना यूट्यूब चैनल भी शुरू किया है, जहां वह अपने गाए हुए गीत अपलोड करता है। अभी तक उसके चैनल पर कई वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिन्हें लाखों लोग देख चुके हैं।

प्रभाकर डिग्री की शिक्षा प्राप्त कर रहा नक्षत्र

नक्षत्र वर्तमान में अयोध्या के प्रसिद्ध संगीतज्ञ देव प्रसाद पांडेय के मार्गदर्शन में संगीत की प्रभाकर डिग्री की शिक्षा प्राप्त कर रहा है। गुरुजी की कड़ी मेहनत और नक्षत्र की लगन ने मिलकर उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। नक्षत्र में जन्मजात प्रतिभा है और यदि वह इसी तरह मेहनत करता रहा तो भविष्य में बड़ा नाम कमाएगा।

चैनल की टीम आएगी अयोध्या, करेगी इंटरव्यू

‘हुनर’ शो में जज के रूप में प्रसिद्ध अभिनेत्री और कॉमेडियन उपासना सिंह मौजूद हैं, जिनकी नजर में नक्षत्र की प्रतिभा खास तौर पर आई है। शो के विभिन्न राउंड में प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे और नक्षत्र को भी बड़े मंच पर रामनगरी की शान बढ़ाने का मौका मिलेगा। पिता कार्तिक बताते हैं आने वाले दिनों में चैनल की टीम शूटिंग के लिए अयोध्या आएगी । घर के वीडियो और परिजनों के इंटरव्यू करने की बात हुई है। सारा खर्चा चैनल वाले ही उठाएंगे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya