प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार का यह प्रयास सराहनीय : राज्यपाल

अयोध्या। मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में राम की पैड़ी पर भव्य दीपोत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर एक साथ पांच लाख 51 हजार दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इस अवसर पर रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद भारत के सांस्कृतिक सम्मान को विश्व में पुर्नस्थापित किया गया है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में ऐसी दिवाली मनाने में 70 साल लग गए। पहले की सरकारें अयोध्या आने से डरती थीं लेकिन मैं पिछले ढाई साल में करीब डेढ दर्जन बार अयोध्या आ चुका हूं और जब भी आता हूं जनता के सहयोग से सैकड़ों करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण करता हूं। इस अवसर पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार का यह प्रयास सराहनीय है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के दीपोत्सव को राज्य मेला का दर्जा दिया है जिससे अयोध्या अपने गौरव को प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस तरह का आयोजन करने के लिए प्रदेश सरकार व सभी अधिकारीगण बधाई के पात्र हैं। इसके पहले शाम चार बजे हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और सीता का रूप धरकर कलाकार रामकथा पार्क पहुंचे जहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित बड़ी संख्या में मौजूद अयोध्यावासियों ने उनका स्वागत किया और मंच पर गुरू वशिष्ठ के रूप में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका राजतिलक किया। इस दौरान अयोध्या का माहौल जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। इस आयोजन में अवध विश्वविद्यालय समेत विभिन्न कॉलेजों के बच्चों ने राम की पैड़ी पर चार लाख दीप जलाये है। वहीं 14 मठ-मंदिरों को करीब डेढ़ लाख दीपों से रोशन करने किया गया है।