वादे पर नहीं हुआ अमल, ठगा व असहाय महसूस कर रहा प्रधान संघ

प्रधान संघ के सभी ब्लाकों की बैठक आयोजित कर बनाई गई रणनीति

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-9 जनवरी से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे जिले के सभी प्रधान


अयोध्या। जनपद के प्रधान संघ की सोमवार को गुरुदेव पैलेस में बैठक हुई। सभी ब्लॉकों के प्रधानों से लंबित मांगों पर गहन मन्त्रणा के बाद जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में पुरानी लंबित मांगों के निराकरण पर जोर दिया गया।

पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई कि पूर्व में जिले के सक्षम अधिकारियों से वार्ता, ज्ञापन, ब्लॉकों पर एकदिवसीय धरने के माध्यम से अपनी जायज मांगों पर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया जिस पर मिले ठोस आश्वाशन के बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया। अयोध्या का प्रधान संघ अपने को ठगा और असहाय महसूस कर रहा है।

संघ के जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि मनरेगा के तहत ब्लॉकों से स्वीकृत ग्राम पंचायतों से कराए गए पक्के कार्यों के सामग्री मद के वर्षों से बिल फीड करके अधिनियम और स्पष्ट शासनादेश के बाद भी एफटीओ नहीं सृजित किए गए।सालों से संचित गांव कोष का पैसा तहसीलों से गांव निधि में नही स्थानांतरित किया जा रहा।

जल जीवन मिशन के कार्य में गांवों में सड़कों और नालियों को तोड़कर पाइप डालने के बाद कार्यदायी संस्था ने यथास्थित नहीं किया। बिना राजस्व कर्मियों के विकास कार्य संभव नहीं है कई बार मांग पर भी क्षेत्रीय लेखपालों की उपस्थिति गांव पंचायत में पंचायत सचिवों की भांति सुनिश्चित नहीं की गई। इसी तरह डीएम के अध्यक्षता में प्रधानों की सभी विभागों के साथ कम से कम तीन माह में समन्वय बैठक भी नहीं कराई जा रही। जिला अध्यक्ष ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में मनरेगा में 60- 40 का अनुपात है अधिनियम के बावजूद भी उनको पक्के कार्यों की स्वीकृति तक नहीं दी जा रही है।

इसे भी पढ़े  मऊशिवाला का एमआरएफ सेंटर प्रतिदिन करेगा 10 टन कूड़ा निस्तारण

प्रधान संघ जिला अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को एक बार फिर जिला अधिकारी से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे। बावजूद प्रधानों की जायज मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूरन न चाहते हुए भी जनपद अयोध्या के सभी प्रधान जिला मुख्यालय पर 09 जनवरी 2025 से शांतिपूर्वक अनिश्चितकालीन धरना देंगे। बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में मनरेगा के बिलों की फीडिंग व अनुपात के सापेक्ष नई स्वीकृत दी जा रही है जनपद अयोध्या अपने में अनोखा है यहां सालों से फीडिंग नहीं की जा रही और पिछले कई माह से कोई नई स्वीकृत भी नहीं दी जा रही। जिससे गांव पंचायतों का विकास ठप है और मनरेगा के पक्के कार्यों का बकाया लगभग 60 करोड़ रुपए पहुंच चुका है।

इस दौरान प्रदेश महासचिव अनिल तिवारी, जिला संरक्षक चंद्र भूषण सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अमानीगंज पवन पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष मसौधा मोहम्मद नईम, ब्लॉक अध्यक्ष मिल्कीपुर इंद्रसेन यादव, ब्लॉक अध्यक्ष हैरिंगटनगंज अशोक त्रिपाठी, ब्लॉक अध्यक्ष तारून सुरेश सिंह कक्कू, ब्लॉक अध्यक्ष मया केशरी यादव, ब्लॉक अध्यक्ष मवई पवन वर्मा, जिला महासचिव जुनैद अंसारी, जिला उपाध्यक्ष अनुराग सिंह मिल्कीपुर, ब्लॉक संरक्षक तारुन कृपा शंकर गिरि, ब्लॉक उपाध्यक्ष अमानीगंज अजय सिंह, जिला कोषाध्यक्ष शेखर सिंह, अखंड पांडेय, लालजी वर्मा, श्रीनाथ यादव, राजेश तिवारी, सुधीर वर्मा, विनोद सिंह, राम चंद्र यादव सहित सैकड़ों सम्मानित प्रधानगण मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya