राम नगरी में छठी मइया के महापर्व को भव्य बनाने की तैयारी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-सरयू तट पर छठ उत्सव मनाएंगी हजारों महिलाएं, जल और स्थल, दोनों जगह रहेगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था


अयोध्या। बिहार ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश में भी छठ महापर्व की धूम है। लोक आस्था का महापर्व छठ भी दिव्य व भव्य हो, इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद भी कह चुके हैं कि इस पर्व के दौरान इसकी दिव्यता और भव्यता पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसे लेकर अयोध्या में भी प्रशासनिक अमले ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। घाटों पर सफाई व्यवस्था के साथ बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है। बता दें कि पूर्वांचल में बड़ी संख्या में लोग छठ महापर्व मनाते हैं। अयोध्या जिले के कोने-कोने में भी इस पर्व को मनाने के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा सकता है। अयोध्या में गुप्तारघाट और नयाघाट के अलावा गोसाईगंज, रुदौली में नदियों के तट पर व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देती हैं। बाजारों में फल और दौरा की बिक्री जोरों पर है।

चार दिवसीय छठ में कब क्या

चार दिवसीय छठ पूजा पांच नवम्बर को नहाय-खाय के साथ शुरू हो चुकी है। छह नवम्बर को व्रती महिलाएं खरना पूजन करेंगी। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। सात नवम्बर को डूबते हुए सूरज को व्रती महिलाएं नदी में कमर तक पानी में खड़ी होकर अर्घ्य देंगी। अगले दिन आठ नवम्बर को घाट से उगते हुए सूरज को अर्घ्य देकर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।

घाट कराए जा रहे साफ, प्रकाश व्यवस्था होगी उत्तम

छठ महापर्व का मुख्य उत्सव नदियों के किनारे ही होता है। नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के सरयू तटों पर साफ सफाई की व्यवस्था कराई जा रही है। प्रकाश व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शाम और सुबह अर्घ्य देने पहुंची व्रती महिलाओं और उनके परिवारजनों की किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसे भी पढ़े  टीम इंडिया ने T20 WC 2026 में लहराया तिरंगा

नगर से लेकर भरतकुंड तक बढ़ी सक्रियता

चार दिवसीय छठ पर्व का आगाज होते ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। शहर से लेकर देहात तक पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। एसएसपी राजकरण नय्यर ने बताया कि सभी क्षेत्राधिकारियों को अलर्ट रखा गया है। बाजार से लेकर घाट तक निगरानी बढ़ा दी गई है।

छठ पूजा के दूसरे दिन व्रतियों ने रखा खरना

छठ पूजा को लेकर ठकुराइन के पोखर की तैयारियां

गोसाईंगंज । लोक आस्था के महापर्व की चार दिवसीय छठ पूजा शुरू हो चुकी है।नहाय खाय से शुरू हुए पर्व के दूसरे दिन व्रतियों ने खरना रखा।गुरूवार को व्रती महिलाएं अस्तांचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी और शुक्रवार को भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत को पूर्ण करेंगी।अर्घ्य देने के लिए महिलाएं नदियों व तालाबो पर जाती है।गोसाईंगंज कस्बे में महादेवा घाट व ठकुराइन के पोखरे पर बने बेंदी के साथ पूरी घाट को सजा संवार दिया गया है।बुधवार को व्रती महिलाओ ने दिन भर निर्जला व्रत रखा।सूर्यास्त के समय सूर्यदेव को नैवेद्य अर्पण कर प्रसाद के रुप में ग्रहण किया।इसी के साथ व्रती महिलाओं का36घण्टे का निर्जला व्रत शुरू हो गया।

दिन भर धार्मिक कार्यक्रमो को सम्पन्न कराने के बाद महिलाएं चावल,गुड़ व गन्ने के रस से खीर बनाने में जुटी दिखी।शाम को पूजन के बाद परम्परा अनुसार परिवारीजनों,रिश्तेदारों व मित्रो को खीरप्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद छठ पूजा का विशेष प्रसाद ठेकुआ बनाने में जुटी दिखी। छठ पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ विजयलक्ष्मी जायसवाल व ईओ इंद्रभान सफाई नायक के साथ दोनो स्थलों का निरीक्षण किया और दोनो स्थलों पर लाइटिंग, साफ सफाई,चूना छिड़काव करने के लिए आदेश दिया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya