अयोध्या में बाढ़ से बचाव की तैयारियां पूरी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-18 गांव होते हैं प्रभावित, इसके लिए 14 बाढ़ शरणालय और 12 बाढ़ चौकियां चिह्नित

अयोध्या। भले ही अभी नदियां उफान पर न हों, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एहतियातन जिले में बाढ़ से बचाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले की तीन तहसीलों (सदर, रुदौली और सोहावल) के 18 गांव बाढ़ से प्रभावित होते हैं। इन गांवों की सुरक्षा के लिए 14 बाढ़ शरणालय और 12 बाढ़ चौकियां स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा जल पुलिस ने 150 नावों को चिह्नित किया है, जो बाढ़ के दौरान बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और लंच पैकेट के वितरण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

पिछले साल अयोध्या में बाढ़ ने 14 गांवों को प्रभावित किया था। इस बार बाढ़ का असर कम रहने की संभावना जताई जा रही है, फिर भी प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। सोहावल तहसील का माझा कला गांव, रुदौली तहसील का कैथी माझा और सदर तहसील के पूराबाजार के निचले इलाके बाढ़ की चपेट में सबसे ज्यादा आते हैं। इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है।सीएमओ ने 35 चिकित्सा टीमें और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने 21 टीमें तैनात करने का निर्णय लिया है। ये टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और पशुओं की देखभाल सुनिश्चित करेंगी।

इसे भी पढ़े  प्रतिशोध में सरेराह अवैध असलहे से मारी गोली, घायल

राहत सामग्री और लंच पैकेट के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। टेक्निकल टेंडर खुल चुका है, जबकि फाइनेंशियल टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों पर राजस्व कर्मियों और लेखपालों की ड्यूटी लगाई है, जो लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। कंट्रोल रूम पूरे साल 24 घंटे सक्रिय रहता है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। होमगार्ड और अन्य कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। बाढ़ के दौरान प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।

बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए 26 जून को जिले की तीनों तहसीलों सदर, रुदौली और सोहावल में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। सोहावल के आदर्श बाढ़ शरणालय पर विशेष प्रदर्शन होगा, जिसमें बचाव और राहत कार्यों की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान यह भी देखा जाएगा कि आठ घंटे के भीतर गांवों को खाली कराने की क्षमता कितनी है। सदर तहसील में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि वे बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सकें।

जिला आपदा विशेषज्ञ अधिकारी यथार्थ तिवारी ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पिछले साल की बाढ़ को देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रुदौली के कैथी माझा और सदर के पूराबाजार जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बाढ़ शरणालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है, ताकि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya