नैक मूल्यांकन के लिए कृषि विश्वविद्यालय में तैयारियां जोरों पर

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

मिल्कीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नैक मूल्यांकन के लिए विश्वविद्यालय की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त की जा रही है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ विजेंद्र सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद से अपना ध्यान पूरी तरह नैक मूल्यांकन में बेहतर ग्रेड हासिल करने के लिए केंद्रित किया था। जिसके परिणाम स्वरुप पिछले दो माह में विश्वविद्यालय की सूरत और सीरत बदली नजर आने लगी है। महाविद्यालय में संसाधन जुटाने के काफी प्रयास किए गए हैं। वहीं शिक्षकों की कमी पूरी करने के उद्देश्य से गेस्ट फैकल्टी के रूप में नए शिक्षकों का चयन किया जा चुका है। विश्वविद्यालय परिसर की साफ-सफाई व रंग रोगन के बाद परिक्षेत्रों को भी सजाया संवारा जा चुका है। कुलपति डॉ बिजेन्द्र सिंह लगातार छात्रावासों, महाविद्यालयों व शैक्षणिक परिक्षेत्रों पर अपनी नजर बनाए हुए हैं तथा छोटी-छोटी कमियों को भी दुरुस्त करने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों को सुझाव देते रहे हैं। विश्वविद्यालय में नैक मूल्यांकन के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली से विशेषज्ञों का दल 10 फरवरी को विश्वविद्यालय पहुंचेगा। गौरतलब हो कि कुलपति के इन प्रयासों की तरह यदि पूर्व में भी गंभीर प्रयास किए गए होते तो विश्वविद्यालय अब तक नैक मूल्यांकन में ग्रेडिंग हासिल कर सकता था। प्रदेश सरकार भी विश्वविद्यालय के नैक मूल्यांकन के प्रति गंभीर है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विगत 2 दिन पूर्व प्रदेश के कृषि एवं कृषि शिक्षा मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विश्वविद्यालय का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया था। तथा आवश्यक दिशा निर्देश कुलपति एवं जिम्मेदार अधिकारियों को दिए थे। पूर्वांचल के इस एकमात्र कृषि विश्वविद्यालय तथा उत्तर प्रदेश के कानपुर के बाद सबसे पुराने कृषि विश्वविद्यालय का नैक मूल्यांकन में बेहतर ग्रेडिंग हासिल करना प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बिंदु है। विश्वविद्यालय के छात्र नैक मूल्यांकन की ग्रेडिंग ना हासिल होने से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग से वंचित रह जाएंगे। जबकि इसका सीधा असर कृषि शोध एवं प्रसार के क्षेत्रों पर भी पड़ेगा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ विजेंद्र सिंह के किए गए प्रयासों से उत्साहित हैं उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय बेहतर ग्रेडिंग हासिल करने में सफल होगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya