– कोरोना व किसान आंदोलन से मांगी निजात
अयोध्या। पीएम नरेंद्र मोदी के भाई प्रहलाद मोदी गुरुवार को अयोध्या पहुंचे यहां उन्होंने पौराणिक पीठ हनुमानगढ़ी में विराजमान हनुमंतलला और परिसर में विराजमान रामलला के दर पर मत्था टेका। भगवान से प्रार्थना की कि कोरोना की महामारी से निजात मिले तथा किसान आंदोलन का जल्द से जल्द सार्थक हल हासिल हो जाए। उन्होंने कहा कि मैं यहां विराजमान रामलला के दर्शन पूजन के लिए आया हूं। भगवान से मैंने प्रार्थना की है कि भारत देश के समक्ष खड़ी कठिनाइयां जैसे कोरोनावायरस और किसान आंदोलन से देश को निजात मिल जाए। सरकार किसानों के आंदोलन को लेकर जल्द से जल्द सार्थक हल तक पहुंच जाए। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है। सदियों से किसानों ने देश और समाज के गौरव को ऊंचा रखने का काम किया है। किसान हमेशा देश के गौरव की चिंता करता है। 26 जनवरी को दिल्ली तथा लाल किले पर हुए उत्पाद और उपद्रव के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश का किसान कभी ऐसा नहीं कर सकता। यह देश की सरकार भी मानती है और देश के लोग भी। आंदोलन के बीच में कुछ उपद्रवी और अराजक तत्व आ गए थे। सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उत्पाद के मामले में तमाम मुकदमे दर्ज किए गए हैं और कई लोगों पर इनाम घोषित किया गया है। देश विदेश के फिल्मी कलाकारों तथा समाज के अन्य वर्गों के लोगों की ओर से सोशल मीडिया पर किसान आंदोलन को लेकर किए जा रहे टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है। पूरे विश्व में भारत देश की मान और प्रतिष्ठा बढ़ी है। कुछ लोगों को भारत की उन्नति और प्रगति अच्छी नहीं लगती। इसी को लेकर इस तरह का कार्य किया जा रहा है।